वक्त के साथ कुछ भारत के कुछ हीरोज इतिहास के पन्नों में कहीं खो गए हैं। पिछले कुछ समय से इन हीरोज पर फिल्में बन रही हैं और इनकी कहानी देश के लोगों के सामने आ रही है। हमारे एक ऐसे ही हीरो थे पलवंकर बालू, जो भारत के पहले दलित क्रिकेटर थे। पलवंकर बालू को 20वीं सदी का लीजेंड्री स्पिनर माना जाता है। पलवंकर बालू की कहानी को इतिहासकार रामचंद्र गुहा ने अपनी किताब द कॉर्नर ऑफ अ फॉरेन फील्ड: द इंडियन हिस्ट्री में खास जगह दी थी, जिसके बाद डायरेक्टर तिग्मांशु धूलिया ने इस कहानी को पर्दे पर उतारने का ऐलान किया था।
ताजा खबरों की मानें तो डायरेक्टर तिग्मांशु धूलिया ने पलवंकर बालू की कहानी के लिए अजय देवगन के साथ हाथ मिलाया है। अजय देवगन पिछले कुछ समय से हटकर कहानियां अपने बैनर तले बना रहे हैं। माना जा रहा है कि अजय देवगन और तिग्मांशु धूलिया मिलकर जल्द ही पलवंकर बालू की कहानी को पर्दे पर पेश करेंगे।
फिल्म के लिए अभी तक फाइनल नहीं हुई है स्टारकास्ट
मिली जानकारी के अनुसार, डायरेक्टर तिग्मांशु धूलिया ने रामचंद्र गुहा से उनकी किताब के राइट्स खरीदे हैं ताकि वो पलवंकर बालू की कहानी को ठीक तरह से पेश कर पाएं। जल्द ही वो इसे पर्दे पर उतारने के लिए लेखकों के साथ काम शुरू करेंगे। तिग्मांशु धूलिया ने अब तक फिल्म के लिए किसी को कास्ट नहीं किया है। कहानी लिखने के बाद तिग्मांशु धूलिया फिल्म के लिए स्टारकास्ट फाइनल करेंगे और इसका बड़े स्तर पर ऐलान करेंगे।
