बॉलीवुड के मशहूर एक्टर, लेखक और डायरेक्टर सतीश कौशिक (Satish Kaushik) के निधन से इंडस्ट्री के लोग सदमे में है। एक्टर की मृत्यु ने उनके परिवार और करीबी दोस्तों को तोड़ दिया है। 66 साल की उम्र में सतीश कौशिक ने दुनिया को अलविदा कह दिया। एक्टर का निधन हार्ट अटैक की वजह से हुआ। सेलेब्स सोशल मीडिया के जरिए एक्टर को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। उनके साथ बिताए पलो को याद कर रहे हैं। एक्टर के जाने से हर किसी के आंखें नम हैं। एक्टर के परिवार में उनकी पत्नी और 11 साल की बेटी वंशिका है। सोशल मीडिया पर लोग दुख जता रहे हैं।
बॉलीवुड एक्ट्रेस नीना गुप्ता (Neena Gupta) ने अपने दोस्त के निधन पर इमोशनल पोस्ट शेयर किया है। एक्ट्रेस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक्ट्रेस कहती हैं, दोस्तों आज सुबह- सुबह एक बुरी खबर के साथ मैं उठी हूं। इस दुनिया में एक ही आदमी मुझे नैन्सी कहकर बुलाता था और मैं उसे कैशिकन कहती थी। हमारा साथ बहुत पुराना है। हम एक- दूसरे को कॉलेज के दिनों से जानते थे।
सतीश के निधन पर नीना ने जताया दुख
वो आगे कहती हैं बहुत बुरा हुआ। उसकी छोटी बेटी वंशिका है। उसकी पत्नी राशि है। उनके लिए मुश्किल समय है और अगर उन्हें कुछ भी चाहिए होगा तो मैं उनके साथ खड़ी रहूंगी। भगवान उनको हिम्मत दे। खासकर वंशिका को और क्या बोलू। इस वीडियो को शेयर करते हुए नीना ने कैप्शन में गुड बाय कैशकन लिखा है।
नीना ने अपनी किताब सच कहू तो में खुलासा किया था कि जब मैं क्रिकेटर विव रिचर्ड्स के बच्चे के साथ गर्भवती हुई थी तो कौशिक ने सुझाव दिया था कि वो अपने होने वाले बच्चे की चिंता न करें। वो उसे अपना नाम देंगे। एक्टर ने कहा था हम दोनों शादी कर लेंगे और किसी को कुछ पता नहीं चलेगा। इस खुलासे के बाद सतीश कौशिक ने एक इंटरव्यू में इसके बारे में बात की थी।
