Salary Negotiation Tips: नई नौकरी का ऑफर मिलना किसी भी प्रोफेशनल के लिए खुशी की बात होती है। इससे न केवल आपको नया सीखने को मिलता है, बल्कि नए लोगों के साथ काम करने का अवसर और अपनी स्किल्स के माध्यम से कुछ नया कर दिखाने का मौका भी मिलता है। लेकिन इस दौरान नई नौकरी का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा होती है सैलरी, जिस पर कई उम्मीदवार शुरुआती उत्साह या झिझक के चलते बातचीत करने से हिचकिचाते हैं। हकीकत यह है कि सैलरी नेगोशिएशन (How to Negotiate Your Salary) कोई झगड़ा या सौदेबाजी नहीं, बल्कि आपके कौशल, अनुभव और संभावित योगदान के आधार पर एक संतुलित समझौते तक पहुंचने की प्रक्रिया है।
अक्सर देखा गया है कि सैलरी नेगोशिएशन सही से न कर पाने की वजह से देखा गया है कि ढेरों उम्मीदवार अपनी योग्यता के अनुसार, अंडरपेड होते हैं, जिसके कारण लगातार उनके मन में उथल-पुथल जारी रहती है। ऐसी स्थिति आपके सामने न आए, इसलिए आपको सैलरी नेगोशिएशन करना आना चाहिए। यदि आप सही समय, स्पष्ट आंकड़ों और विनम्र अंदाज के साथ अपनी बात रखते हैं, तो नियोक्ता भी आपकी व्यावहारिकता की सराहना करते हैं। आइए जानते हैं सैलरी नेगोशिएशन के लिए किन बातों पर देना होगा ध्यान।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - IIT से बीटेक के अलावा इन विषयों में भी मिलती है डिग्रियां
पहले अपना मार्केट रिसर्च और वैल्यू तय करें
सैलरी पर बात करने से पहले यह जानना जरूरी है कि आपके अनुभव, कौशल, उद्योग और शहर के हिसाब से उस भूमिका के लिए सामान्य वेतनमान क्या है।
आंकड़ों के साथ तैयार रहें - केवल अपनी व्यक्तिगत जरूरतों या खर्चों के आधार पर सैलरी न मांगें। इसके बजाय अपने अनुभव, विशेष स्किल्स, प्रमाणपत्र और संभावित योगदान को आधार सैलरी के बारे में बात करें।
एक रेंज या स्पष्ट आंकड़ा रखें - बातचीत के लिए पहले से एक न्यूनतम स्वीकार्य आंकड़ा और एक लक्ष्य आंकड़ा तय रखें, ताकि बातचीत के दौरान आप भटकें नहीं।
शुरुआत में जल्दबाजी की बजाए करें सही समय का चुनाव
अक्सर देखा गया है कि उम्मीदवार पहले या शुरुआती दौर में सैलरी को लेकर अड़ जाते हैं। जिसे सही नहीं माना जाता, जब तक कि कंपनी की ओर से पहले ही बजट सीमा न पूछी जाए। सैलरी की डिस्कशन के लिए सबसे बेहतर समय वह होता है, जब इंटरव्यू प्रक्रिया में आपकी उपयोगिता स्पष्ट हो चुकी हो या कंपनी आपको लेकर सकारात्मक रुख दिखा रही हो। इसके साथ ही जब नियोक्ता अपनी शुरुआती पेशकश सामने रखता है, तब आपके पास अपनी अपेक्षाएं और तर्क रखने का सबसे स्पष्ट और मजबूत मंच होता है। ऐसे में सैलरी नेगोशिएशन आपकी फेवर में काम करती है।
बातचीत का लहजा रखें विनम्र
सैलरी नेगोशिएशन के दौरान शब्दों का सही चुनाव और बोलने का तरीका बहुत मायने रखता है। सकारात्मक रूप से बात करते हुए अवसर और ऑफर के लिए सबसे पहले धन्यवाद दें, फिर बताएं कि आप इस टीम और भूमिका को लेकर कितने उत्साहित हैं। इसके साथ ही सैलरी को लेकर होने वाली बातचीत में आपसी टकराव से बचें। "मुझे कम मिल रहा है" कहने के बजाय यह कहें कि "मेरे अनुभव और इस पद की जिम्मेदारियों को देखते हुए मैं इस रेंज (अपनी रेंज बताएं) की उम्मीद कर रहा था।" हर सवाल का और नेगोशिएशन के दौरान विनम्र रहें।
बेसिक सैलरी के साथ पूरे पैकेज पर दें ध्यान
कई बार CTC के भीतर अलग-अलग हिस्से होते हैं, इसलिए केवल कुल आंकड़ा देखकर फैसला न करें। आपको पूरे पैकेज के साथ इन हैंड सैलरी, उसके साथ मिलने वाली सुविधाएं पर भी ध्यान देने की जरूरत है।
इन-हैंड सैलरी और वेरिएबल - फिक्स सैलरी, परफॉर्मेंस बोनस/वेरिएबल पे, पीएफ/ग्रेच्युटी, मेडिकल इंश्योरेंस, लीव पॉलिसी, हाइब्रिड/रिमोट सुविधा और ट्रेनिंग या रिलोकेशन भत्तों पर भी ध्यान दें।
गैर-मौद्रिक लाभ - यदि कंपनी का फिक्स बजट सीमित है, तो बोनस, जल्दी रिव्यू साइकिल, लचीले घंटे या अतिरिक्त लाभों के जरिए संतुलन बनाया जा सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें -UPSC की तैयारी करने के लिए सही उम्र क्या है?
स्पष्ट और संक्षिप्त जवाब देने की प्रैक्टिस करें
जब रिक्रूटर आपसे आपकी सैलरी अपेक्षा पूछे, तो घबराएं या उलझें नहीं। शांत और आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखें और जवाब के बाद आगे की प्रतिक्रिया सुनने के लिए थोड़ा रुकें। यदि आपको ऑफर पर विचार करने के लिए समय चाहिए, तो विनम्रता से एक निश्चित समय-सीमा मांगे।
नेगोशिएशन के दौरान 2 व्यावहारिक सुझाव
सैलरी पर बातचीत के बाद जो भी अंतिम सहमति बने, उसकी पुष्टि ऑफर लेटर या ईमेल में स्पष्ट रूप से जरूर चेक करें, ताकि बाद में सीटीसी संरचना या भत्तों को लेकर कोई भ्रम न रहे। सैलरी के साथ-साथ काम सीखने के अवसर, टीम का माहौल और करियर ग्रोथ के भी बारे में चेक करना जरूरी है। कभी-कभी थोड़ी कम शुरुआती सैलरी के बावजूद तेज सीखने और आगे बढ़ने का मंच अधिक लाभदायक साबित होता है।
