स्मार्टफोन इस्तेमाल करते समय बार-बार स्क्रीन पर विज्ञापन दिखाई देना काफी परेशान करने वाला हो सकता है। कई बार आप कोई ऐप इस्तेमाल कर रहे होते हैं और अचानक फुल स्क्रीन विज्ञापन आ जाता है। कभी फोन अनलॉक करते ही विज्ञापन दिखने लगता है, तो कभी नोटिफिकेशन पैनल में अनजान वेबसाइटों के विज्ञापन आने लगते हैं। खास बात यह है कि कई यूजर्स को पता भी नहीं होता कि ये विज्ञापन कहां से आ रहे हैं।
अगर आपके एंड्रॉयड फोन में भी बार-बार ऐसे विज्ञापन दिखाई देते हैं, तो जरूरी नहीं कि इसके लिए नया फोन खरीदना पड़े। कुछ सेटिंग्स बदलकर और संदिग्ध ऐप्स को हटाकर आप काफी हद तक इनसे छुटकारा पा सकते हैं। आइए जानते हैं पूरा तरीका।
1. फोन की सेटिंग में जाकर पॉप-अप विज्ञापन बंद करें
कई बार इंटरनेट ब्राउज करते समय वेबसाइट अपने आप विज्ञापन वाली विंडो खोल देती हैं। Google Chrome में इसे बंद करने के लिए ये स्टेप फॉलो करें।
- सबसे पहले फोन में
Google Chrome खोलें। - ऊपर दाईं तरफ दिए गए तीन डॉट पर क्लिक करें।
- अब Settings में जाएं।
- यहां Site settings का विकल्प चुनें।
- Pop-ups and redirects पर टैप करें।
- अब इस विकल्प को बंद कर दें।
- इसके बाद Intrusive ads विकल्प में जाकर विज्ञापनों को ब्लॉक करने की सेटिंग चालू करें।
2. वेबसाइट से आने वाले विज्ञापनों के नोटिफिकेशन बंद करें
कई बार हम किसी वेबसाइट को गलती से नोटिफिकेशन भेजने की अनुमति दे देते हैं। इसके बाद फोन की स्क्रीन पर बार-बार विज्ञापन आने लगते हैं।
- Google Chrome खोलें।
- ऊपर दाईं तरफ तीन डॉट पर क्लिक करके Settings में जाएं।
- Site settings में जाकर Notifications चुनें।
- यहां उन वेबसाइटों की लिस्ट दिखाई देगी, जिन्हें नोटिफिकेशन भेजने की अनुमति मिली हुई है।
- अनजान या संदिग्ध वेबसाइट पर क्लिक करके Block या Remove कर दें।
- इससे उन वेबसाइटों से आने वाले अनचाहे विज्ञापन नोटिफिकेशन बंद हो जाएंगे।
3. संदिग्ध ऐप्स को फोन से हटाएं
अगर फोन की होम स्क्रीन या किसी ऐप को इस्तेमाल करते समय अचानक फुल स्क्रीन विज्ञापन दिखाई देते हैं, तो इसकी वजह कोई संदिग्ध ऐप हो सकता है। कई बार फ्री गेम, वॉलपेपर और क्लीनर ऐप के जरिए भी विज्ञापन दिखाए जाते हैं।
- फोन की Settings खोलें।
- Apps या Apps Management में जाएं।
- See all apps पर क्लिक करें।
- उन ऐप्स को चेक करें, जिन्हें आपने हाल ही में इंस्टॉल किया है।
- किसी संदिग्ध ऐप पर क्लिक करके Uninstall कर दें।
4. दूसरे ऐप्स के ऊपर विज्ञापन दिखाने की परमिशन बंद करें
कुछ ऐप्स को फोन में दूसरे ऐप्स के ऊपर दिखाई देने की अनुमति मिली होती है। इसी परमिशन का गलत इस्तेमाल करके वे फुल स्क्रीन विज्ञापन या पॉप-अप दिखा सकते हैं।
- फोन की Settings में जाएं।
- Apps या Special App Access विकल्प खोलें।
- Display over other apps या Appear on top पर क्लिक करें।
- यहां उन ऐप्स को देखें, जिन्हें यह अनुमति मिली हुई है।
- किसी अनजान या गैर-जरूरी ऐप के लिए इस परमिशन को बंद कर दें।
- अलग-अलग कंपनियों के एंड्रॉयड फोन में इस सेटिंग का नाम थोड़ा अलग हो सकता है।
5. Google की विज्ञापन सेटिंग में करें बदलाव
Google यूजर्स की गतिविधियों और विज्ञापन से जुड़ी प्राथमिकताओं के आधार पर पर्सनलाइज्ड विज्ञापन दिखा सकता है। अगर आप ऐसे विज्ञापन नहीं देखना चाहते हैं, तो इसकी सेटिंग में बदलाव कर सकते हैं।
- फोन की Settings खोलें।
- Google विकल्प पर क्लिक करें।
- All services में जाकर Ads विकल्प तलाशें।
- यहां उपलब्ध विज्ञापन प्राइवेसी सेटिंग्स को चेक करें।
- Ad topics और App-suggested ads जैसी सेटिंग्स को अपनी पसंद के अनुसार बंद करें।
- इसके अलावा आप Google की My Ad Center वेबसाइट पर जाकर पर्सनलाइज्ड विज्ञापनों को भी बंद कर सकते हैं।
6. फोन में मौजूद विज्ञापन वाली ऐप्स को स्कैन करें
अगर ऊपर बताए गए तरीके अपनाने के बाद भी फोन में विज्ञापन आ रहे हैं, तो Google Play Protect की मदद ले सकते हैं।- Google Play Store खोलें।
- ऊपर दाईं तरफ अपनी प्रोफाइल फोटो पर क्लिक करें।
- Play Protect विकल्प चुनें।
- Scan पर टैप करें।
- स्कैन पूरा होने के बाद अगर कोई खतरनाक ऐप मिलता है, तो उसे हटाने के निर्देशों का पालन करें।
एक बात का रखें खास ध्यान
एंड्रॉयड फोन में विज्ञापन पूरी तरह बंद करने का कोई एक बटन नहीं होता। कुछ विज्ञापन ऐप के अंदर ही दिखाए जाते हैं, जबकि कुछ वेबसाइट, संदिग्ध ऐप या नोटिफिकेशन के जरिए आते हैं। इसलिए सबसे पहले यह पहचानना जरूरी है कि विज्ञापन कहां से आ रहे हैं। अगर फोन अनलॉक करते ही बिना किसी ऐप को खोले विज्ञापन दिखाई देने लगते हैं, तो किसी संदिग्ध ऐप के एडवेयर होने की आशंका हो सकती है। ऐसे में हाल ही में इंस्टॉल किए गए ऐप्स की जांच करना सबसे जरूरी है।
