IND vs NZ, Why Match Ended In A Draw: भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला टेस्ट क्रिकेट मैच ड्रॉ रहने के बाद सोमवार को पांचवें दिन भी बेसिन रिजर्व की पिच से गेंदबाजों को मदद नहीं मिलने पर निराशा व्यक्त की। भारत ने न्यूजीलैंड के 368 रन के जवाब में अपनी पारी नौ विकेट पर 720 रन बनाकर समाप्त घोषित की और पहली पारी के आधार पर 352 रन की बढ़त बनाई। न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी में पांच विकेट पर 239 रन बनाए जिससे बाद मैच ड्रॉ समाप्त घोषित किया गया।
गिल से जब निर्धारित समय से एक घंटे पहले मैच को ड्रॉ करने पर सहमत होने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "अगर पिच से कुछ मदद मिल रही होती तो शायद स्थिति भिन्न होती।" गिल ने कहा कि लंबे समय तक गेंदबाजी करने के बाद उनके तेज गेंदबाज थकने लगे थे। उन्होंने कहा, "हमारे तेज गेंदबाज थक चुके थे। उन्होंने मैच में लगभग 50 ओवर फेंके थे। इसके अलावा हमने इस पर भी गौर किया कि अगला मैच तीन दिन बाद है और हमें यात्रा भी करनी है। इसलिए हम अपने सभी गेंदबाजों को तरोताजा रखना चाहते थे। मुझे नहीं लगता कि पांच से दस ओवर और फेंकने से कोई खास फायदा होता।"
गिल ने कहा कि सपाट पिच पर 10 विकेट लेना आसान नहीं था लेकिन इसके बावजूद उनकी टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा, "हम जानते थे कि इस पिच पर 10 विकेट लेना एक चुनौती होगी। लेकिन हमें मौके मिले। इसलिए, मुझे लगता है कि हमने अच्छा प्रदर्शन किया।" गिल भारत के बल्लेबाजी प्रदर्शन से खुश थे। भारत के चोटी के पांच बल्लेबाजों ने 50 से अधिक रन बनाए जिसमें केएल राहुल और ऋषभ पंत के शतक भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा, "हमारा प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा। हमने उन्हें प्रत्येक विभाग में कड़ी चुनौती दी और यही हमारे लिए महत्वपूर्ण था। पहली पारी में गेंदबाजी में भी हमने अच्छा प्रदर्शन किया। बल्लेबाजी में सभी ने अपना योगदान दिया। सिर्फ दो शतक लगे, लेकिन हमने लगभग 700 रन बनाए जो काफी बड़ा स्कोर है।"
गिल ने कहा, "उम्मीद है कि क्राइस्टचर्च में गेंदबाजों को विकेट से थोड़ी और मदद मिलेगी। अगर हम वहां भी इसी तरह का खेल खेल पाते हैं और गेंदबाजी और बल्लेबाजी में अपनी रणनीति पर अच्छी तरह से अमल करते हैं तो मुझे लगता है कि हम बेहतर स्थिति में होंगे।"
न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम ने स्वीकार किया कि बेसिन रिजर्व की पिच उनकी अपेक्षा से कहीं अधिक सपाट थी। उन्होंने कहा, "यह बेसिन रिजर्व की वह पिच नहीं थी जिस पर हम पिछले कुछ वर्षों से खेलते आ रहे हैं।" लैथम ने परिस्थितियों से अच्छी तरह से सामंजस्य बिठाने के लिए अपनी टीम की प्रशंसा की। उन्होंने विशेष रूप से पहली पारी में शतक लगाने वाले हेनरी निकोल्स और ग्लेन फिलिप्स की तारीफ की।
उन्होंने कहा, "आप दुनिया में कहीं भी जाएं, चाहे यहां हों या विदेश में, आपको परिस्थितियों के अनुसार ढलना पड़ता है। हेनरी और ग्लेन ने पहली पारी में हमें जिस स्कोर तक पहुंचाया था, उससे हम संतुष्ट थे लेकिन गेंदबाजी में हमें निश्चित रूप से मुश्किलों का सामना करना पड़ा।"
निकोल्स को पहली पारी में नाबाद 175 रन बनाने के लिए मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया और उन्होंने इस बात पर संतोष जताया कि उनकी टीम मैच को ड्रॉ कराने में सफल रही। उन्होंने कहा, "हम जिस स्थिति में थे, उसे देखते हुए मैच ड्रॉ कराना हमारे लिए संतोषजनक परिणाम रहा। बल्लेबाजों के लिए अनुकूल पिच पर आज खिलाड़ियों ने जिस तरह का प्रदर्शन किया, उसका श्रेय उन्हें जाता है लेकिन मुझे लगता है कि हम सभी ने चुनौतियों को भांप लिया था।"
