Malyalam Actor Vinod Thomas Dies At the Age Of 45: मलयाली सिनेमा से हाल ही में चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। दरअसल, मलयलाम फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर एक्टर विनोद थॉमस का 45 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। हैरत की बात तो यह है कि विनोद थॉमस (Vinod Thomas) का शव केरल के कोट्टायम में मौजूद होटल के पास खड़ी कार में मिला। विनोद थॉमस के निधन ने मलयाली सिनेमा को हिलाकर रख दिया है। वहीं उनके आकस्मिक निधन को लेकर पुलिस भी जांच में जुटी हुई है।
विनोद थॉमस (Vinod Thomas) के निधन को लेकर फैंस में शोक की लहर है। फैंस से लेकर सिनेमा जगत के सितारे तक सोशल मीडिया के जरिए विनोद थॉमस को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इस मामले को लेकर पुलिस ने बताया कि होटल प्रबंधन की ओर से उन्हें सूचना दी गई थी कि परिसर में एक कार खड़ी है जिसमें एक शख्स बहुत देर से मौजूद है। इस बारे में बात करते हुए पुलिस ने आगे कहा, "कार की जांच करने के बाद पाया गया कि उसमें विनोद थे, जिन्हें जल्द ही अस्पताल ले जाया गया। लेकिन वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।"
बता दें कि विनोद थॉमस (Vinod Thomas) के शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेजा जा चुका है। विनोद थॉमस के निधन की वजह भी अभी तक सामने नहीं आई है। जहां एक तरफ परिवार और फैंस शोक में डूबे हैं तो वहीं पुलिस ने अपनी जांच जारी रखी है। बताया जा रहा है कि पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवार को सौंप दिया जाएगा।
