'रावण पूरी तरह बुरा नहीं था', साई पल्लवी (Sai Pallavi) के इस बयान ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है। रणबीर कपूर, यश और नमित मल्होत्रा के साथ लॉस एंजिल्स में फिल्म 'रामायण' (Ramayana) के ग्रैंड प्रीमियर में पहुंचीं साई पल्लवी ने रामायण के किरदारों से मिलने वाली सीख पर बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि रामायण के पात्र हमें अपने भीतर की अच्छाई और बुराई को पहचानने का मौका देते हैं। हालांकि, रावण को लेकर कही गई उनकी एक बात अब लोगों का ध्यान खींच रही है। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Diljit Dosanjh के दिल्ली कॉन्सर्ट में होगा कड़ा पहरा, सुरक्षा के लिए तैनात होंगे 2000 गार्ड)
रावण को लेकर क्या बोलीं साई पल्लवी?
फिल्म के प्रीमियर के दौरान साई पल्लवी ने कहा कि रामायण सिर्फ एक कहानी नहीं है, बल्कि यह हमें अपने कामों और फैसलों पर सोचने की सीख भी देती है। उनके मुताबिक, अगर कोई रामायण को धार्मिक ग्रंथ के रूप में देखता है, तो उसके किरदार उसे अपने अंदर मौजूद अच्छाई और बुराई को समझने में मदद कर सकते हैं। एक्ट्रेस ने कहा कि रावण पूरी तरह बुरा नहीं था। उन्होंने यह भी कहा कि अपने भीतर मौजूद बुराइयों को पहचानना और समय के साथ खुद में बदलाव करना जरूरी है। साई के इसी बयान का एक हिस्सा सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। साई पल्लवी की बात पर लोगों की अलग-अलग राय सामने आई। कुछ लोगों ने कहा कि रावण के बारे में अलग-अलग समुदायों की अपनी मान्यताएं हैं। वहीं, कुछ यूजर्स ने यह विचार रखा कि गलत रास्ते पर उठाया गया एक कदम भी इंसान के अच्छे कामों पर भारी पड़ सकता है।
दुनिया भर में रिलीज होगी 'रामायण'
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का प्रीमियर लॉस एंजिल्स में आयोजित किया गया, जहां साई ने इसके विजुअल इफेक्ट्स और भारतीय संस्कृति को दुनिया तक पहुंचाने की बात भी कही। फिल्म 5 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। वहीं साई पल्लवी ने रामायण 2 को लेकर भी अपडेट दिया। एक्ट्रेस ने कहा कि अभी तक उन्होंने दूसरे भाग की शूटिंग शुरू नहीं की है। ऐसे में ये चर्चा फिर से शुरू हो गई है कि क्या ये मूवी 2027 में अपने तय समय पर रिलीज नहीं हो पाएगी? आप इस बारे में क्या सोचते हैं हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं...
