Sunny Deol on Tiger 3 Success: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान (Salman Khan) की फिल्म 'टाइगर 3' (Tiger 3) 12 नवंबर के दिन रिलीज हुई थी। ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छी खासी कमाई करने में लगी हुई है। ट्रेड रिपोर्ट्स की मानें तो 'टाइगर 3' ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 233 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। वहीं दूसरी ओर दुनिया भर में फिल्म 400 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होने की ओर बढ़ रही है। 'टाइगर 3' की सफलता पर अब 90 के दशक के जाने-माने एक्टर सनी देओल (Sunny Deol) ने सलमान खान की जमकर तारीफ की है।
'टाइगर 3' को देखने के बाद अभी भी बड़ी भीड़ सिनेमाघरों का रुख कर रही है। सलमान खान और कटरीना कैफ की इस एक्शन फिल्म में इमरान हाशमी भी विलेन के रोल में हैं। 'टाइगर 3' ने रिलीज के दिन लगभग 43 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था। वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर ये फिल्म 371 करोड़ रुपये कमा चुकी है। सनी देओल ने सलमान खान को 'टाइगर 3' की सफलता पर बधाई दी है। इंस्टाग्राम पर सनी देओल ने सलमान खान के साथ एक तस्वीर पोस्ट की और कैप्शन में लिखा, "जीत गए"।
सलमान खान और सनी देओल ने साल 1996 में आई रोमांटिक-एक्शन फिल्म 'जीत' में साथ में काम किया था। इस फिल्म में करिश्मा कपूर, अमरीश पुरी और तब्बू नजर आई थीं। सनी देओल को हाल ही में फिल्म 'गदर 2' में देखा गया था। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 524 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया था।
