पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मशहूर पंजाबी सिंगर कमल ग्रेवाल (Kamal Grewal) को कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के साथ जान से मारने की धमकी दी गई है। फोन करने वाले शख्स ने खुद को रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा बताया और पैसे नहीं देने पर सिंगर के म्यूजिक करियर को खत्म करने की चेतावनी दी। इतना ही नहीं, धमकी देने वाले ने उनके स्टेज शो बंद करवाने की भी बात कही। मामले की गंभीरता को देखते हुए लुधियाना पुलिस ने 2 नवंबर को गिल्ली राणा और गैंग से जुड़े बाकी लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Amitabh Bachchan के घर पर मंडराया खतरा! फिर मिला धमकी भरा ईमेल, पुलिस ने शुरू की जांच)
कमल ग्रेवाल को मिली धमकी
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, कमल ग्रेवाल की लुधियाना के सराभा नगर में जेपी फिल्म्स नाम से म्यूजिक कंपनी है। 20 अक्टूबर को कंपनी के आधिकारिक मोबाइल नंबर पर कई मिस्ड कॉल और वॉइस मैसेज आए थे। उस समय सिंगर पटियाला में दशहरे के कार्यक्रम में परफॉर्म कर रहे थे, इसलिए वह कॉल नहीं उठा पाए। अगले दिन जब उन्होंने वॉइस मैसेज सुने तो कथित तौर पर एक शख्स ने अपना नाम गिल्ली राणा बताया और खुद को रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा होने का दावा किया। उसने कमल ग्रेवाल से 5 करोड़ रुपये की मांग की और तुरंत वापस कॉल करने को कहा। साथ ही धमकी दी कि अगर पैसे नहीं मिले तो उनके स्टेज शो बंद करवा दिए जाएंगे और उन्हें म्यूजिक से जुड़े कार्यक्रम करने नहीं दिए जाएंगे।
शिकायत के अनुसार, इसके बाद उसी नंबर से दो और धमकी भरे वॉइस मैसेज आए। 1 नवंबर को सिंगर को एक इंटरनेशनल नंबर से भी दो कॉल आईं। उस समय वह अपने ऑफिस में थे, लेकिन कॉल नहीं उठा सके। बाद में परिवार और करीबी लोगों से बातचीत करने के बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क करने का फैसला किया। कमल ग्रेवाल ने अपनी जान और संपत्ति को खतरा बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल लुधियाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
