बॉलीवुड

Exclusive: धर्मेंद्र की मौत से शोले के डायरेक्टर रमेश सिप्पी को लगा झटका, बोले- 'ऐसे लोग बहुत कम होते...'

Ramesh Sippy Exclusive: शोले फिल्म के डायरेक्टर रमेश सिप्पी ने जूम से बातचीत करते हुए धर्मेंद्र को याद किया है। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र की मौत से उनको तगड़ा झटका लगा है। वो एक एक्टर के रूप में बेहतरीन थे, साथ ही धर्मेंद्र एक अच्छे इंसान भी थे। उन्होंने धर्मेंद्र को सच्ची श्रद्धांजलि दी है। आइए नजर डालते है रिपोर्ट पर...

Image

pic credit- instagram

Ramesh Sippy Exclusive: बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र की मौत ने सभी को हिलाकर रख दिया है। धर्मेंद्र के चले जाने से पूरे देश में गम का माहौल है। बॉलीवुड स्टार्स समेत सभी लोग धर्मेंद्र को याद कर रहे हैं। कुछ देर पहले ही शाहरुख खान ने एक ट्वीट कर धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि दी थी। इस बीच शोले फिल्म के डायरेक्टर रमेश सिप्पी ने जूम से बातचीत करते हुए धर्मेंद्र को याद किया है। बातचीत के दौरान उन्होंने ऐसी बात कह दी है कि सभी लोग भावुक हो गए हैं।

शोले के डायरेक्टर रमेश सिप्पी ने कही ये बात

शोले के डायरेक्टर रमेश सिप्पी ने जूम टीवी से खास बातचीत में धर्मेंद्र को याद किया। डायरेक्टर ने कहा, ' धरम जी एक बहुत ही नेकदिल और कमाल के एक्टर थे। वे हमेशा दूसरों के लिए कुछ न कुछ अच्छा करते थे, यही उनकी फितरत थी। एक्टर के तौर पर ऐसे लोग बहुत कम होते हैं जिन्हें हम सचमुच याद रखते हैं, और धर्म जी उन चुनिंदा लोगों में से थे। आज जब वो हमारे बीच नहीं रहे, तो दिल में अजीब-सी बेचैनी है। खुशी के पल भी याद आ रहे हैं और दुख भी बहुत गहरा लग रहा है। हम उन्हें हमेशा मिस करेंगे। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे और जहां भी हों, वहां भी उन्हें उतना ही प्यार और सम्मान मिले। ऊं शांति।' इसके अलावा भी डायरेक्टर रमेश सिप्पी ने बताया कि कैसे उन्होंने धरम जी को फिल्म गीता-सीता करने के लिए मनाया था।

अनिल शर्मा ने दी श्रद्धांजलि

अनिल शर्मा ने जूम टीवी से बातचीत करते हुए धर्मेंद्र को याद किया। निर्देशक ने कहा, 'पूरी इंडस्ट्री के लिए ये बहुत बड़ा नुकसान है। धरम जी अपने आप में एक पूरी फिल्म इंडस्ट्री थे। धर्मेंद्र को कैसे कोई भूल सकता है भला? वो गए ही नहीं, जा ही नहीं सकते। जब भी हम फिल्मों की बात करेंगे, उनकी बात करेंगे, वो हमारे बीच ही रहेंगे। 'शोले हो', 'मेरा गांव मेरा देश' हो, 'हुकूमत' हो या कोई और फिल्म। वहीं शाहरुख खान ने एक ट्वीट कर लिखा, ''रेस्ट इन पीस धरम जी...आप मेरे लिए पिता जैसे ही थे।आपने जो प्यार और आशीर्वाद मुझ पर लुटाया, उसके लिए दिल से शुक्रिया। ये दुख सिर्फ देओल परिवार का नहीं, सारी सिनेमा दुनिया और हर फिल्म प्रेमी का है। इसे भर पाना नामुमकिन है। लेकिन आप अमर हैं...आपकी फिल्मों में, आपके खूबसूरत परिवार में, आपकी आत्मा हमेशा जिंदा रहेगी। हमेशा प्यार करता रहूंगा...ऊं शांति।'

Kumar Sarash
कुमार सरसauthor

कुमार सरस टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उनकी लेखन शैली सरल, स्पष्ट और रोचक है, जो पाठकों को तुरंत जोड़ लेती है। कुमार सरस को बॉलीवुड, टीवी और OTT की ट्रेंडिंग खबरों पर काम करने में खास रुचि है। अब तक उन्होंने 2,500 से अधिक आर्टिकल्स लिखे हैं, जिनमें ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव अपडेट्स और एंटरटेनमेंट फीचर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article