Manoj Muntashir on Adipurush controversy: फिल्म आदिपुरुष टीजर (Adipurush Teaser) रिलीज के बाद से ही विवादों में है। फिल्म रामायण पर आधारित है, जिसमें प्रभास श्री राम, कृति सेनन सीता, सनी सिंह लक्ष्मण और सैफ अली खान रावण के किरदार में नजर आने वाले हैं। फिल्म में सभी पात्रों के लुक के कारण आलोचना हो रही है। आदिपुरुष के डायलॉग राइटर और नेशनल अवॉर्ड विनर मनोज मुंतशिर ने आदिपुरुष से जुड़े विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
टाइम्स नाउ नवभारत की एडिटर इन चीफ नाविका कुमार से खास बातचीत में मनोज मुंतशिर ने कहा, 'मैं देश के सनातनी हिंदुओं से कहना चाहता हूं कि आप केवल 95 सेकंड के टीजर को देखकर पूरी फिल्म को जज न करें, जो एक बहुत बड़ा प्रयास है भगवान श्री राम की कहानी को जनमानस तक पहुंचाने का और उसमें जीवन भरने का। भगवान राम इतिहास हैं..मिथक नहीं। आज के बच्चे को भगवान राम के बारे में नहीं पता हैं। आज के बच्चों को जब भगवान राम की कहानी बताई जाती है, तो वह बोर हो जाता है। उनके हीरो मार्वल की फिल्मों के एवेंजर्स के किरदार हैं। फिल्म के जरिए बच्चों की भाषा में कहानी समझाने का प्रयास है।'
रावण के लुक पर कही ये बात
मनोज मुतंशिर से पूछा गया कि, 'फिल्म में जो चित्रण दिखाए गए हैं, उसमें रावण अलाउद्दीन खिलजी लग रहा है। हनुमानजी मुगल सा राजा लग रहे हैं। क्या ये किरदारों के साथ न्याय है क्या?' मनोज मुंतशिर ने इस पर कहा, 'खिलजी से रावण की तुलना छोटी हो जाती है। कौन सा अलाउद्दीन खिलजी त्रिपुंड लगाता है? कौन सा अलाउद्दीन खिलजी रुद्राक्ष पहनता है? कौन सा अलाउद्दीन खिलजी तिलक लगाता था? कौन सा अलाउद्दीन खिलजी जनेऊ धारण करता था? ये सभी हमने 95 सेकंड के टीजर में दिखा दिया। मैं बाकी फिल्म की बात नहीं कर रहा हूं। आप फिल्म के विजुअल्स को देख लें रावण के माथे पर त्रिपुंड है। रावण के मस्तक पर तिलक है। रावण की भुजाओं पर रुद्राक्ष है।'
श्रद्धा से झुक जाएंगे सिर
मनोज मुंतशिर से आगे पूछा गया, 'फिल्म में राम के किरदार को मस्कुलर और एंग्री मैन जैसा दिखाया है। जो नए राम जी हैं वह गुस्सैल हैं, वह शांत स्वभाव वाले भगवान श्री राम हैं जो सब कुछ छोड़कर वन में चले गए थे, वह इतिहास बन गए हैं?' इस पर लेखक और गीतकार ने कहा, 'भगवान राम शांति और क्रांति का मिश्रण हैं।'
बकौल मनोज मुतंशिर, '95 सेकंड के टीजर में भगवान राम रणभूमि में हैं। असुरों का वध कर रहे हैं। असुरों का संघार कर रहे हैं उस वक्त वह मुस्कुरा नहीं सकते हैं। फिल्म को आने दीजिए, फिल्म के गाने आने दीजिए और ट्रेलर आने दीजिए। आपको भगवान राम के सौम्यता के दर्शन होंगे, जिसे देखकर दर्शक भाव-विभोर हो जाएंगे और श्रद्धा में उनके सिर झुक जाएंगे। भगवान राम का जो यश है, उसमें हम जरा सा भी दाग नहीं लगाएंगे।'
