Khushboo Patani Video: बिहार (Bihar) के जमुई में नाबालिग लड़की के साथ हुई कथित बदसलूकी की घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को लेकर लोगों में काफी नाराजगी है। इसी मामले पर बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी (Disha Patani) की बहन और पूर्व भारतीय सेना अधिकारी खुशबू पाटनी ने भी खुलकर अपना गुस्सा जाहिर किया है। उन्होंने वीडियो शेयर कर घटना की कड़ी निंदा की और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। आइए पूरी बात जानते है इस रिपोर्ट में...(Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Shah Rukh Khan परिवार संग पहुंचे लालबागचा राजा, गौरी और सुहाना के साथ लिया बप्पा का आशीर्वाद)
दिशा पाटनी की बहन का फूटा गुस्सा
दिशा पाटनी की बहन खुशबू पाटनी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट को अपडेट करते हुए एक वीडियो शेयर किया है, जो कि इंटरनेट पर हर तरफ वायरल हो रहा है। इस क्लिप में खुशबू पाटनी घटना की कड़ी निंदा की और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर भारत को एक बड़ा और मजबूत देश बनना है, तो महिलाओं का सम्मान और उनकी सुरक्षा बेहद जरूरी है। वीडियो में खुशबू ने कहा कि आपने बिहार की घटना देखी होगी, जहां एक युवक गमछा पहने नजर आ रहा है। उन्होंने आरोपियों के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक लड़की के साथ बदसलूकी की गई और उसके साथ मारपीट भी हुई। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी हालत में नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। खुशबू ने कहा कि कुछ लोग लड़के और लड़कियों की दोस्ती पर भी सवाल उठाते हैं। उन्होंने बिहार के लोगों से अपील की कि वे अपने राज्य में महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल करें। उन्होंने कहा कि सिर्फ सरकार को जिम्मेदार ठहराने के बजाय लोगों को खुद से भी सवाल करना चाहिए।
खुशबू पाटनी ने आगे कहा कि अगर बिहार से बड़ी संख्या में आईएएस और आईपीएस अधिकारी आते हैं, तो फिर कानून-व्यवस्था को लेकर ऐसी घटनाएं क्यों सामने आती हैं। खुशबू ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उन्हें जेल भेजने की मांग की। उन्होंने आगे कहा कि संविधान हर व्यक्ति को अपनी जिंदगी अपनी मर्जी से जीने का अधिकार देता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बच्चों के मामलों में इस तरह की हरकत न करें।
