Zaira Wasim ने अपनी विवादित पोस्ट को लेकर लिखा ये मैसेज, कहा- मैं सिर्फ अल्लाह के प्रति जवाबदेह हूं

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 2, 2020, 06:50 AM IST

Zaira Wasim post: जायरा वसीम ने अपने विवादित ट्वीट पर एक लंबा पोस्ट लिखा है, जिसमें उन्होंने इसे लेकर अपने विचार बताए हैं।

Zaira Wasim ने अपनी विवादित पोस्ट को लेकर लिखा ये मैसेज, कहा- मैं सिर्फ अल्लाह के प्रति जवाबदेह हूं
Photo Credit: Instagram

बड़ी हिट फिल्में दे चुकी जायरा वसीम अब बॉलीवुड छोड़ चुकी हैं। लेकिन वे सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। हालांकि उनकी सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर अक्सर विवाद खड़े होते रहते हैं। गुरुवार को उन्होंने एक ट्वीट में टिड्डियों के हमलों के बारे में लिखा था। जिसके बाद उन्हें जबरदस्त ट्रोल किया जाने लगा। इस ट्रोलिंग के बाद जायरा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स डिक्टिवेट कर दिए थे। लेकिन सोशल मीडिया पर लौटने के बाद उन्होंने एक लंबा मैसेज शेयर करके इस विवाद पर अपनी राय रखी।

जायरा ने तारिक फतह के ट्वीट का जवाब दिया, जिसमें उन्होंने पूर्व एक्ट्रेस के विवादित पोस्ट के बारे में लिखा था। इसमें तारिक ने कहा था कि भारतीय मुस्लिम एक्ट्रेस जायरा वसीम अपने ही देशवासियों को अल्लाह के प्रकोप का शिकार बताकर उनका मजाक उड़ा रही है। इस पर जायरा ने अपने लंबे नोट के दो फोटोज शेयर करते हुए बताया कि उनके ट्वीट पर जबरदस्ती विवाद खड़ा किया गया है।

जायरा ने पोस्ट में कही ये बात

जायरा ने लिखा, 'कोई भी राय, चाहे वह अच्छी हो या बुरी, मेरे इरादों की वास्तविकता को परिभाषित नहीं करती है, क्योंकि यह मेरे और मेरे रब के बीच है और कुछ ऐसा है जिस पर मैं कोई सफाई नहीं दूंगी। क्योंकि मैं केवल अल्लाह के प्रति जवाबदेह हूं, उनकी रचना (इंसान) के लिए नहीं। दुनिया पहले से ही कठिन समय और बहुत नफरत व कट्टरता के दौर से गुजर रही है। कम से कम हम इतना तो कर सकते हैं कि इसमें और ज्यादा न जोड़ें।'

क्या था विवादित ट्वीट

वहीं इस मैसेज के आखिरी में जायरा ने तारिक के एक्ट्रेस रिमार्क को लेकर लिखा, 'मैं अब एक्ट्रेस नहीं हूं।' आपको बता दें कि जायरा ने अपने विवादित ट्वीट में लिखा था, तो हमने उनपर बाढ़, टिड्डे, जूं, मेंढक और खून भेजा है। संकेत खुलकर ही इस बात को साबित कर रहे हैं लेकिन वे घमंड में डूबे हुए थे। पाप करने वाले लोगों को ये दिया गया। Qur’an 7:133।'

बॉलीवुड छोड़ चुकी हैं जायरा

जायरा ने अपने फिल्मी करियर के दौरान आमिर खान के साथ दंगल, सीक्रेट सुपरस्टार जैसी जबरदस्त फिल्में दीं। आखिरी बार में पिछले साल रिलीज फिल्म द स्काई इज पिंक में नजर आईं थीं। इसमें उनके साथ प्रियंका चोपड़ा, फरहान अख्तर और रोहित सराफ लीड रोल में थे। बाद में उन्होंने फिल्मी दुनिया छोड़ने का फैसला लिया था।

End of Article