Liger First Look:लाइगर से विजय देवरकोंडा का बॉलीवुड डेब्यू, जानें 'अर्जुन रेड्डी' स्‍टार की फिल्म की खास बातें

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 18, 2021, 12:09 PM IST

साउथ फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर एक्टर विजय देवरकोंडा फिल्म लाइगर से बॉलीवुड में कदम रखने जा रहे हैं। इस फिल्म का फर्स्ट लुक सामने आ गया है। जानें इस फिल्म से जुड़ी 5 खास बातें।

Liger First Look:लाइगर से विजय देवरकोंडा का बॉलीवुड डेब्यू, जानें 'अर्जुन रेड्डी' स्‍टार की फिल्म की खास बातें

साउथ के जाने माने एक्टर विजय देवरकोंडा बॉलीवुड में कदम रखने जा रहे हैं, जिसे लेकर पिछले कुछ समय से वो चर्चा में हैं। वो करण जौहर की फिल्म 'लाइगर: साला क्रॉसब्रीड' से बॉलीवुड डेब्यू करेंगे, जिसमें वो एक्ट्रेस अनन्या पांडे के साथ नजर आएंगे। इस फिल्म से उनका फर्स्ट लुक सामने आ गया है।

इस पोस्टर में विजय बॉक्सिंग ग्लव्स पहने लड़ाई के लिए तैयार नजर आ रहे हैं और उनके बैकग्राउंड में शेर नजर आ रहा है। धर्मा प्रोडक्शन के तले बनी इस फिल्म को साउथ के डायरेक्टर पुरी जगन्नाथ डायरेक्ट कर रहे हैं। 

1. विजय देवरकोंडा की इस फिल्म को साउथ के जाने- माने डायरेक्टर पुरी जगन्नाथ डायरेक्ट कर रहे हैं जो तेलेगु सिनेमा का तो बड़ा नाम हैं, लेकिन बॉलीवुड में वो कमाल नहीं दिखा पाए। उन्होंने बॉलीवुड में तुषार कपूर की फिल्म शर्त: द चैलेंज को और अमिताभ बच्चन की फिल्म बुड्ढा होगा तेरा बार को डायरेक्ट किया था, दोनों ही फिल्में फ्लॉप साबित हुईं। 

2. करण जौहर विजय को पहले तेलेगु फिल्म डियर कॉमरेड के रीमेक से बॉलीवुड में लॉन्च करना चाहते थे और जानकारी के मुताबिक उन्होंने अच्छी कीमत पर इसके राइट्स भी खरीद लिए थे, लेकिन यह फिल्म कोई कमाल नहीं दिखा पाई जिसके चलते उन्होंने इस प्लान को ड्रॉप कर दिया और विजय को रीमेक की जगह किसी ऑरिजिनल फिल्म से लॉन्च करने का फैसला किया। 

3. खबरों की मानें तो विजय देवरकोंडा ने ही फिल्म के डायरेक्टर के तौर पर पुरी जगन्नाथ का नाम सुझाया था, हालांकि करण इससे बहुत ज्यादा खुश नहीं थे। लेकिन वो विजय को इंकार नहीं कर सकते थे जिसके चलते फिल्म के डायरेक्टर के तौर पर पुरी जगन्नाथ को चुना गया। 

4. इस फिल्म में विजय के साथ एक्ट्रेस अनन्या पांडे नजर आएंगी, जो उनके लव इंटरेस्ट के रोल में होंगी। खबरों के मुताबिक फिल्म के लिए अनन्या नहीं बल्कि एक्ट्रेस जान्हवी कपूर पहली पसंद थीं, लेकिन क्योंकि फिल्म में इस रोल में बहुत ज्यादा कुछ करने के लिए नहीं है उन्होंने फिल्म से इंकार कर दिया। मालूम हो कि जान्हवी ने एक टॉक शो में यह स्वीकार किया था कि विजय उनका क्रश हैं और वो उनके काम को पसंद करती हैं। 

5. फिल्म के लिए विजय ने काफी मेहनत की है। जानकारी के मुताबिक फिल्म की शूटिंग शुरू करने से तीन महीने पहले उन्होंने इसकी तैयारी शुरू कर दी थी। माना जा रहा है कि फिल्म में एक्शन सीन को लेकर वो टाइगर श्रॉफ को कड़ी टक्कर देने वाले हैं। 

मालूम हो कि विजय देवरकोंडा साउथ में अर्जुन रेड्डी, डियर कॉमरेड जैसी मशहूर फिल्मों में काम कर चुके हैं। उनकी बॉलीवुड डेब्यू को लेकर लंबे समय से चर्चा थी और फिल्म का नाम पहले फाइटर बताया जा रहा था। 

End of Article