SSR Case: सुशांत ने 29 जून के बाद के लिए बोर्ड पर लिखा था अपना प्लान? बहन ने शेयर की तस्वीर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 1, 2020, 07:30 AM IST

Sushant Planning after 29 June: सुशांत की बहन ने बोर्ड पर कथित तौर पर एक्टर की ओर से 29 जून के बाद के लिए लिखी योजना की एक तस्वीर पोस्ट की है, जबकि 14 जून को अभिनेता की उनके फ्लैट पर मौत हो गई।

SSR Case: सुशांत ने 29 जून के बाद के लिए बोर्ड पर लिखा था अपना प्लान? बहन ने शेयर की तस्वीर
Photo Credit: Instagram

मुंबई: सुशांत सिंह राजपूत केस में लगातार नई नई चीजें निकल कर सामने आ रही हैं। ऐसे कई दावे किए जा रहे हैं जिन्हें अभिनेता के आत्महत्या नहीं करने का आधार बताया जा रहा है। अब इसी कड़ी में अमेरिका में रहने वाली अभिनेता की बहन ने एक फोटो शेयर किया है, जिसमें व्हाइट बोर्ड पर कुछ बातें लिखी नजर आ रही हैं, जिन्हें कथित तौर पर सुशांत ने अपनी भविष्य की योजना के तहत लिखा था।

सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति की ओर से शेयर की गई व्हाइट बोर्ड की तस्वीर में सुशांत की 29 जून के बाद की प्लानिंग है। जबकि इससे पहले ही 14 जून को अभिनेता की मौत हो गई। अब ऐसे में एक बार फिर सवालिया निशान लग गया है कि जो व्यक्ति भविष्य की प्लानिंग कर रहा था क्या वह आत्महत्या कर सकता है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का कहना है कि उन्होंने आत्महत्या की।

श्वेता ने बीते शुक्रवार को वाइट बोर्ड की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा- 'भाई का व्हाइट बोर्ड जहां वह रोजाना 29 जून से अपनी कसरत और ध्यान शुरू करने की योजना बना रहा था। तो वह आगे की योजना बना रहा था।'

व्हाइट बोर्ड पर लिखी प्लानिंग इस प्रकार है-
-जल्दी उठना, बिस्तर ठीक करना।
-कटेंट वाली फिल्में और सीरीज देखना।
-गिटार सीखना
-वर्कआउट
-मेडिटेशन
-अपने आस पास की जगह को साफ रखना।
-सीखना, प्रैक्टिस और रिपीट करना।
-तुम वह सब चीज कर सकते हो जिसके बारे में तुमने कभी सोचा नहीं।
-जो तुम सोचते हो वो तुम करते हो और जो तुम करते हो वो तुम हो।








तस्वीर पोस्ट करने के बाद श्वेता सिंह कीर्ति के पोस्ट पर लोगों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है और एक बार फिर अभिनेता के लिए न्याय की मांग तेज हो गई। सुशांत सिह राजपूत ने मुंबई में अपने अवास पर कथित तौर पर 14 जून को आत्महत्या कर ली थी।

End of Article