दागदार हुआ था Jai Ho फेम Daisy Shah का 'दामन', हत्या की कोशिश के आरोप में फंसी थी Salman Khan की को-स्टार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 25, 2021, 08:58 AM IST

Daisy Shah Controversy: सलमान खान की को-एक्ट्रेस डेजी शाह कई विवादों में घिर चुकी हैं। जब उनके खिलाफ हत्या की कोशिश करने का केस दर्ज हुआ था, तब वह आए दिन चर्चा में बनी रहती थीं। 

दागदार हुआ था Jai Ho फेम Daisy Shah का 'दामन', हत्या की कोशिश के आरोप में फंसी थी Salman Khan की को-स्टार
Photo Credit: Times of India

Daisy Shah Accused of Attempt to Murder: फिल्म 'जय हो' एक्ट्रेस डेजी शाह आज अपना 37वां जन्मदिन मना रही हैं। डेजी शाह का जन्म एक गुजराती परिवार में 25 अगस्त 1984 को हुआ था। उनकी प्रारंभिक शिक्षा मुंबई से पूरी हुई। यहां रहकर उन्होंने मिस डोंबिवली का खिताब भी अपने नाम किया था। बॉलीवुड करियर का सफर तय करने से पहले वह एक बैक स्टेज डांसर हुआ करती थीं। सलमान खान की नजरों में आने के बाद उन्हें बॉलीवुड में एक बड़ा एक्सपोजर मिला।

डेजी शाह का नाम उन एक्ट्रेसेज में शामिल है जिन्हें सलमान खान ने लॉन्च किया है। सलमान खान द्वारा लाॅन्च करने पर तो डेजी शाह को काफी पॉपुलैरिटी मिली। मगर, अपने अभिनय से वह लोगों के दिलों में खास जगह बनाने में सफल नहीं हो पाईं। इस फिल्म से ज्यादा डेजी शाह लाइमलाइट में तब आईं जब उनके ऊपर एक भोजपुरी एक्टर ने हत्या करने की कोशिश का आरोप लगाया था। 

डेजी शाह के ऊपर लगा था हत्या की कोशिश करने का आरोप ‌

अपने बॉलीवुड सफर के शुरुआत में ही डेजी शाह गंभीर विवाद में फंस चुकी हैं। जब डेजी शाह की डेब्यू फिल्म जय हो रिलीज हुई थी, तब, फिल्म की रिलीज होने के कुछ दिनों बाद ही डेजी शाह के ऊपर एक गंभीर आरोप लगाया गया था। डेजी शाह के साथ कोरियोग्राफर गणेश आचार्य और रजनीश दुग्गल पर भी यह आरोप लगाया गया था। भोजपुरी एक्टर सत्येंद्र सिंह ने डेजी शाह, गणेश आचार्य, रजनीश दुग्गल और फिल्म 'सोडा' के अन्य मेंबर्स पर हत्या की कोशिश करने का केस दर्ज करवाया था। 

क्या है मामला? 

सत्येंद्र सिंह ने बताया था कि, उन्हें फिल्म सोडा के लिए चुना गया था। मगर, डेजी शाह इस फिल्म में किसी नामचीन एक्टर को लेना चाहती थीं। जिस वजह से इस फिल्म के क्रू मेंबर ने उन्हें फिल्म से बाहर फेंक दिया था। उनके बाद इस फिल्म में रजनीश दुग्गल को ले लिया गया था। सत्येंद्र सिंह के बयान के अनुसार, इस फिल्म में आशुतोष राणा, मनोज जोशी, अनंत महादेवन जैसे अन्य कलाकार भी थे। उन्होंने बताया कि जब वह अपने गांव आ गए थे तब उनका एक रोड एक्सीडेंट हुआ था। सत्येंद्र का मानना है कि यह रोड एक्सीडेंट साजिश का हिस्सा है। और यह साजिश रचने वाले डेजी शाह,‌ गणेश आचार्य, रजनीश दुग्गल और अन्य साथी हैं। 

डेजी शाह ने दिया था यह बयान

इस कॉन्ट्रोवर्सी को मीडिया की काफी कवरेज मिली थी। जिस वजह से डेजी शाह आए दिन सुर्खियों में बनी रहती थीं। डेजी शाह ने अपना स्टैंड लेते हुए यह बताया था कि उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने 2012 में इस फिल्म के लिए एक गाना शूट किया था जिसके बाद वह अपने बॉलीवुड डेब्यू जय हो की तैयारी में जुट गई थीं। डेजी शाह का कहना है कि जय हो की तैयारी के बाद वह इस फिल्म की हिस्सा नहीं थीं। 

रजनीश दुग्गल और गणेश आचार्य ने भी किया था इंकार

रजनीश दुग्गल से जब इस मामले पर बातचीत की गई थी,‌ तब उन्होंने सत्येंद्र सिंह को पहचानने से इंकार कर दिया था। उन्होंने बताया था कि वह कभी इस फिल्म के हिस्सा नहीं थे। इसके साथ गणेश आचार्य ने भी अपने ऊपर लगे इल्जामों को नकार दिया था। 

End of Article