Raat Baaki Hai: 'फिल्म सिर्फ वयस्कों के लिए है, परिवार के साथ मत बैठ जाना'- निर्देशक ने पहले ही दे दी चेतावनी!

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 15, 2021, 06:11 PM IST

ऑनलाइन रिलीज होने जा रही फिल्म रात बाकी है डायरेक्टर ने सोशल मीडिया पर चेतावनी जारी की है कि उनकी फिल्म सिर्फ व्यस्कों के लिए हैं और इसे परिवार के साथ ना देखें।

Raat Baaki Hai: 'फिल्म सिर्फ वयस्कों के लिए है, परिवार के साथ मत बैठ जाना'- निर्देशक ने पहले ही दे दी चेतावनी!
Photo Credit: Instagram

मुंबई: मिस्ट्री-थ्रिलर फ़िल्म 'रात बाक़ी है' जी5 पर 16 अप्रैल को रिलीज़ होने जा रही है। फ़िल्म के ऑनलाइन स्ट्रीम किए जाने से पहले इसके निर्देशक अविनाश दास ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से इस बारे में एक डिस्क्लेमर  यानी चेतावनी जारी की है, जिसमें कहा गया है कि 'रात बाक़ी है' सिर्फ़ वयस्क दर्शकों के लिए है।

अविनाश ने डिस्क्लेमर फेसबुक और ट्विटर दोनों जगह पर शेयर किया है, जिसमें उन्होंने लिखा- 'सबसे पहले बता दूं कि हमारी फ़िल्म रात बाक़ी है केवल वयस्कों के लिए है। डिस्क्लेमर इसलिए ताकि गलती से स्क्रीन सपरिवार ना शेयर कर लें।'

इसके बाद फिल्म के डायरेक्टर अविनाश ने बताया कि फिल्म पिछले साल लॉकडाउन के एकदम बाद रणथम्भोर में शूट की गई है और उस समय भी रात का कर्फ्यू जारी था। सभी लोग कोविड टेस्ट करवाने के बाद एक महीने के लिए शूट के खातिर लोकेशन पर ही बंद हो गए थे। डायरेक्टर अविनाश ने शूटिंग के समय की कुछ तस्वीरें शेयर की हैं।

बता दें कि रात बाक़ी है फिल्म अतुल सत्य कौशिक के एक प्ले यानी नाटक बालीगंज 1990 पर ही आधारित है। फ़िल्म में अनूप सोनी, पाओली दाम, राहुल देव और दीपानिता शर्मा मुख्य भूमिकाओं में हैं। इससे पहले रात बाक़ी है पिछले साल 20 नवम्बर को आने वाली थी लेकिन तब कोरोना वायरस के चलते तब रिलीज़ स्थगित कर दी गई थी।

फ़िल्म में अनूप सोनी के किरदार का नाम कार्तिक, पाओली का वासुकी और एसपी का किरदार निभा रहे राहुल देव के किरदार का नाम अहलावत है। गौरतलब है कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने ओटीटी कंटेंट के नियमन पर ज़ोर देते हुए इसे उम्र के अनुसार श्रेणियों में बांटने के दिशा-निर्देश जारी किए थे और निर्देशक के डिस्क्लेमर को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है।

End of Article