बहन करीना के साथ लोकल ट्रेन से कॉलेज जाती थीं Karisma Kapoor, करियर शुरू करने से पहले दादा ने दी थी ये सलाह

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 17, 2019, 09:44 AM IST

बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर ने हाल ही में बताया कि वो और उनकी छोटी बहन करीना कपूर लोकल ट्रेन से कॉलेज जाती थीं। इसके अलावा उन्होंने अपनी पर्सनल लाइफ के बारे में भी खुलकर बात की।

बहन करीना के साथ लोकल ट्रेन से कॉलेज जाती थीं Karisma Kapoor, करियर शुरू करने से पहले दादा ने दी थी ये सलाह

एक्ट्रेस करिश्मा कपूर अपने जमाने की सबसे कामयाब एक्ट्रेसेस में शामिल रही हैं। उन्होंने साल 1991 में फिल्म प्रेम कैदी से बॉलीवुड में एंट्री की थी और अपने करियर में कई बेहतरीन फिल्में कर 90 के दशक की टॉप अभिनेत्रियों में अपनी जगह बनाई।

हाल ही में करिश्मा ने  Humans Of Bombay पर अपनी पर्सनल लाइफ के बारे में बात की। उन्होंने इस दौरान कई मुद्दों पर खुलकर बताया। करिश्मा ने बताया कि वो अपने दादा राज कपूर की फिल्म के सेट पर जाया करती थीं और उनके टैलेंट से काफी प्रभावित थीं। उन्होंने बताया, 'एक बार वो फिल्म राम तेरी गंगा मैली को डायरेक्ट कर रहे थे। मुझे सेट, कैमरा और लाइट्स से प्यार था। मैं जानती थी कि मैं एक्टर बनना चाहती हूं, मैंने अपने दादा को यह बात बताई तो उन्होंने मुझे कहा यह अच्छा दिखता है लेकिन इतना आसान नहीं है, तुमको मेहनत करनी होगी।'

लोकल ट्रेन से कॉलेज जाती थीं करिश्मा- करीना

करिश्मा ने बताया कि उनकी मां बबीता कपूर ने किस तरह उन्हें और उनकी छोटी बहन करीना कपूर को जमीन से जोड़े रखा। उन्होंने लिखा, 'जिस तरह मेरी मां ने मुझे जमीन से जोड़े रखा, वो हमेशा मुझे प्रोत्साहित करता रहा। बड़े परिवार से आते हुए भी उन्होंने हमें सिंपल लाइफ दी। मेरी बहन और मैं स्कूल बस से स्कूल और लोकल ट्रेन से कॉलेज जाते थे। मेरी मां ने सिखाया कि किस तरह अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए भी कॉन्फिडेंट रहना सिखाया। वो एक्टिंग के लिए मेरे पैशन को और मेरी हिचक के बारे में जानती थीं।'

आसान नहीं रहा एक्टिंग करियर

करिश्मा ने खुलासा किया कि उनका एक्टिंग करियर आसान नहीं रहा और उन्होंने कई उतार- चढ़ाव देखे, लेकिन उन्होंने किसी परेशानी को अपनी रुकावट नहीं बनने दिया। उन्होंने बताया, 'बुरे दिनों में भी मुझे अपना सिर ऊंचा रखना था इसलिए जब मुझे फिल्म दिल तो पागल है ऑफर हुई तब कोई एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित के साथ काम नहीं करना चाहती थी तब मैंने वो फिल्म की और इसके लिए नेशनल अवॉर्ड भी जीता।

बता दें कि करिश्मा कपूर आखिरी बार साल 2012 में बड़े पर्दे पर नजर आईं थीं, जब उनकी फिल्म Dangerous Ishhq रिलीज हुई थी। फिल्म दर्शकों को पसंद नहीं आई और बॉक्स ऑफिस पर भी अपना कमाल नहीं दिखा सकी। इसके बाद फिल्म जीरो में भी उनकी स्पेशल अपीयरेंस थी। 

मालूम हो कि 29 सितंबर, 2003 को करिश्मा ने इंस्ट्रियलिस्ट संजय कपूर से शादी की थी। दोनों के दो बच्चे भी हैं। एक बेटी समायरा और बेटा कियान राज कपूर। करिश्मा और संजय की शादी लंबे समय तक नहीं चल पाई और साल 2016 में दोनों अलग हो गए। करिश्मा सिंगल मदर हैं।

End of Article