Kangana Ranaut: मुंबई पुलिस के सामने कल हाजिर नहीं होगी कंगना रनौत, 15 नवंबर के बाद देंगी सवालों के जवाब

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 9, 2020, 07:07 PM IST

Kangana Ranaut Reply to Mumbai Police: कंगना रनौत को मुंबई पुलिस ने पूछताछ के लिए दो बार समन भेजा है। कंगना ने एक बार फिर हाजिर होने से इंकार कर दिया है। बांद्रा पुलिस ने भड़काऊ बयान देने का मामला दर्ज किया था।

Kangana Ranaut: मुंबई पुलिस के सामने कल हाजिर नहीं होगी कंगना रनौत, 15 नवंबर के बाद देंगी सवालों के जवाब

मुंबई. कंगना रनौत और उनकी बहन रंगोली चंदेल को 10 नवंबर तक थाने में मौजूद रहने के लिए दूसरा नोटिस भेजा गया था। कंगना मुंबई पुलिस के सामने हाजिर होने से इंकार कर दिया है। कंगना और रंगोली के खिलाफ विभिन्न समुदायों के बीच कथित तौर पर वैमनस्य को बढ़ावा देने का मामला दर्ज किया था।

कंगना रनौत ने मुंबई पुलिस के दूसरे नोटिस के जवाब में कहा कि वह अपने भाई की शादी की वजह से नहीं आ पाऊंगी। कंगना ने15 नवंबर के बाद हाजिर होने की बात कही है। 

आपको बता दें कि बांद्रा मजिस्ट्रेट कोर्ट के आदेश के बाद बांद्रा पुलिस ने भड़काऊ बयान देने का मामला दर्ज किया था। इस मामले में अभिनेत्री और उनकी बहन को बयान दर्ज कराने के लिए 21 अक्टूबर को पहला नोटिस जारी किया था। 

उदयपुर में है भाई की शादी 
कंगना रनौत के छोटे भाई अक्षत रनौत की शादी उदयपुर में हो रही है। कंगना ने सोशल मीडिया पर बताया था कि वह उदयपुर के लिए रवाना हो गई थीं। कंगना ने ट्विटर पर एक वेलकम नोट शेयर किया था, जो उन्हें उदयपुर के होटल से मिला है। 

कंगना के चचरे भाई की भी हाल ही में शादी हुई है। कंगना ने लिखा- 'करण और अंजली को आशीर्वाद दें, आज हमारे घर बेटी आयी है मगर जब मैं अंजली के माता पिता के बारे में सोचती हूं तो दिल भारी हो जाता है, आज उनका घर सूना होगा, उन्होंने अपने दिल का एक हिस्सा काट कर हमें दे दिया।'

इन धाराओं के तहत दर्ज है मुकदमा
बांद्रा पुलिस ने दोनों बहनों के खिलाफ आईपीसी की धारा 153-ए (विभिन्न धर्मों के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य को बढ़ावा देना), 295-ए (धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य जानबूझकर करना), 124-ए (राजद्रोह), 34 (साझा इरादे) के तहत प्राथमिकी दर्ज की।

कंगना रनौत पर गीतकार जावेद अख्तर ने भी मानहानि का मुकदमा किया है। कंगना ने दावा किया था कि जावेद अख्तर ने उन्हें घर बुलाकर धमकाया और ऋतिक रोशन से माफी मांगने के लिए कहा था। 
 

End of Article