बोनी कपूर से ऑनलाइन धोखाधड़ी के बाद गुरुग्राम के इस कंपनी में ट्रांसफर हुए पैसे, जांच में लगी मुंबई पुलिस

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 28, 2022, 01:18 PM IST

Cyber Fraud With Boney Kapoor: बॉलीवुड इंडस्ट्री से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। जान्हवी कपूर के पिता बोनी कपूर साइबर फ्रॉड के शिकार हो गए हैं। उनके क्रेडिट कार्ड का गलत इस्तेमाल कर बैंक अकाउंट से तकरीबन 4 लाख रुपए चोरी किए गए हैं।

बोनी कपूर से ऑनलाइन धोखाधड़ी के बाद गुरुग्राम के इस कंपनी में ट्रांसफर हुए पैसे, जांच में लगी मुंबई पुलिस
Photo Credit: Instagram

Cyber Fraud With Boney Kapoor: बॉलीवुड जगत से जो खबर सामने आई है उसने हर किसी को हैरान कर दिया है। हाल ही में यह जानकारी मिली है कि बॉलीवुड इंडस्ट्री के जाने-माने फिल्म निर्माता और मशहूर अदाकारा जान्हवी कपूर के पिता बोनी कपूर ऑनलाइन धोखाधड़ी के शिकार हो गए हैं। कहा जा रहा है कि बोनी कपूर के साथ साइबर फ्रॉड हुआ है, उनके बैंक अकाउंट से तकरीबन 4 लाख रुपए चोरी किए गए हैं। फिल्म निर्माता को जैसे ही बैंक अकाउंट से हुए ट्रांजैक्शन का पता चला वैसे ही उन्होंने मुंबई पुलिस को शिकायत की। जिसके बाद पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है। खबरों के अनुसार, मुंबई के अंबोली पुलिस थाने में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

क्या बोले बोनी कपूर?

फिल्म निर्माता बोनी कपूर ने इस मामले पर अपनी बात रखते हुए यह कहा की उनके क्रेडिट कार्ड से 5 बार ट्रांजैक्शन किया गया था और उनके बैंक अकाउंट से 3.82 लाख रुपए निकाले गए। इसके साथ बोनी कपूर ने यह भी बताया कि किसी ने भी उनसे क्रेडिट कार्ड की जानकारी नहीं मांगी थी और ना ही उनके पास कोई फ्राॅड फोन कॉल आया था। जब उन्हें इस बात का पता चला कि उनके बैंक अकाउंट से लाखों रुपए निकाले गए हैं तब उन्होंने बैंक से बात की थी। बैंक से बात करने के बाद उन्होंने शिकायत दर्ज करवाई थी। बोनी कपूर के साथ हुए साइबर फ्रॉड पर पुलिस अधिकारियों ने यह कहा कि उन्हें इस बात का शक है कि किसी ने फिल्म निर्माता के क्रेडिट कार्ड का गलत इस्तेमाल करते समय डाटा निकाला है। 

इसके साथ पुलिस ने यह जानकारी भी दी कि निकाले हुए पैसों को गुरुग्राम की एक कंपनी के खाते में जमा किया गया है। फिलहाल पुलिस जांच पड़ताल में लगी हुई है। बोनी कपूर ने अपने फिल्मी करियर के दौरान नो एंट्री, जुदाई, वाॅन्टेड, मिस्टर इंडिया और माॅम जैसी फिल्मों का निर्माण किया है। उन्हें अब जल्द ही लव रंजन की फिल्मों में देखा जाएगा, यह उनका डेब्यू फिल्म होने वाला है। कहा जा रहा है कि वह इस फिल्म में रणबीर कपूर के पिता का किरदार निभाएंगे। 

End of Article