कोरोना की चपेट में आए दिलीप कुमार के दोनों भाई, लीलावती अस्पताल में भर्ती

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 16, 2020, 05:02 PM IST

Dilip Kumar's brothers admitted in Hospital: दिलीप कुमार के दो भाई कोरोना की चपेट में आ गए हैं। दोनों भाइयों को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कोरोना की चपेट में आए दिलीप कुमार के दोनों भाई, लीलावती अस्पताल में भर्ती
Photo Credit: PTI

मशहूर अभिनेता दिलीप कुमार के दोनों भाई एहसान खान और असलम खान कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। दोनों भाईयों को सांस लेने में तकलीफ होने के बाद शनिवार देर रात मुंबई के लीलावती अस्पताल में दाखिल कराया गया है। दोनों  बेहद उम्रदराज हैं। एहसान की उम्र जहां तकरीबन 90 साल है तो वहीं असलम उनसे कुछ ही साल छोटे हैं। दोनों कोरोना के अलावा पहले से ब्लड प्रेशर और हृदय संबधी बीमारियों से भी जूझ रहे हैं।

ईटाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, एक सूत्र ने बताया, 'एहसान खान और असलम खान ने सांस फूलने की शिकायत की थी। इसके बाद उन्हें डॉक्टर नितिन गोखले (प्रमुख हृदय रोग विशेषज्ञ) ने अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी क्योंकि उनका ऑक्सीजन लेवल काफी कम था। दोनों ब्लड प्रेशर और हृदय संबधी बीमारी से भी पीड़ित हैं।' 

रिपोर्ट के अनुसार, दोनों को डॉक्टर जलील पारकर के अंडर एडमिट कराया गया है। जब डॉक्टर जलील पारकर से इस संबंध में संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा, 'असलम खान और एहसान खान नॉन-इनवेसिव वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। उन्हें हाइपोक्सिया था, उनका ऑक्सीजन 94 से कम था, दोनों को खांसी और बुखार भी था।'

गौरतलब है कि कुछ वक्त पहले 97 वर्षीय दिलीप कुमार ने ट्विटर पर लोगों से अपने घरों में रहने की अपील की थी ताकि कोरोना वायरल के प्रसार को रोका जा सके। उन्होंने ट्वीट किया था कि मेरी आप सभी लोगों से गुजारिश है कि इस कोरोना संकट में अपने घर पर रहें और जिंदगियों को बचाएं।' उन्होंने आगे लिखा, 'दवा भी दुआ भी, औरों से फासला भी, गरीब की खिदमत, कमजोर की सेवा भी।'

End of Article