Shane Warne के निधन पर बॉलीवुड का छलका दर्द, अक्षय कुमार से लेकर रणवीर, अनिल कपूर ने दी श्रद्धांजलि

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 5, 2022, 08:22 AM IST

दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी और दुनिया के महान स्पिनर शेन वॉर्न (Shane Warne) के निधन पर बॉलीवुड के कई सितारों का दर्द सोशल मीडिया पर छलक उठा।

Shane Warne के निधन पर बॉलीवुड का छलका दर्द, अक्षय कुमार से लेकर रणवीर, अनिल कपूर ने दी श्रद्धांजलि

Bollywood Celebs Mourn On Cricketer Shane Warne Demise: क्रिकेट की दुनिया से एक बेहद दुखद खबर है। दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी और दुनिया के महान स्पिनर शेन वॉर्न (Shane Warne) का निधन हो गया है। जैसे ही उनके निधन की अचानक खबर आई, रणवीर सिंह से लेकर रणदीप हुड्डा, उर्मिला मातोंडकर, शिल्पा शेट्टी जैसे कई सितारों का दर्द सोशल मीडिया पर छलक उठा।

बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने ट्विटर पर ट्वीट करते हुए लिखा, 'शेन वॉर्न के आकस्मिक निधन के बारे में सुनकर निशब्द हूं। आप इस व्यक्ति को जाने बिना क्रिकेट के खेल से प्यार नहीं कर सकते थे। यह बहुत ह्रदय विदारक है, ओम शांति।'

अभिनेता और सांसद सनी देओल ने शेन वॉर्न के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा है, 'क्रिकेट ने अपना एक सितारा आज खो दिया। शेन वॉर्न की आत्मा को शांति मिले, बहुत जल्दी चले गए आप, प्रार्थना।'

मशहूर गीतकार मनोज मुंतशिर ने लिखा-  सवेरे 3 बजे उठ के ऑस्ट्रेलिया में होने वाले मैच देखता था और सोचता था, किसी की उँगलियाँ इतनी जादुई कैसे हो सकती हैं! मेरे बचपन की यादों के हीरो, अलविदा! #shanewarne

मशहूर अदाकारा शिल्पा शेट्टी ने शेन वॉर्न के साथ अपनी दो तस्वीरें शेयर की हैं और लिखा है- 'लीजेंड हमेशा जिंदा रहते हैं। वहीं रणदीप हुड्डा ने लिखा है- RIP वॉर्नी।'

अनुपम खेर ने भी शेन वार्न के निधन पर श्रद्धांजलि दी है। अभिनेता ने ट्वीट करते हुए लिखा, महान स्पिन गेंदबाजों में से एक शेन वॉर्न के आकस्मिक निधन के बारे में सुनकर स्तब्ध और दुखी हूं। वह मैदान पर जादुई थे। मुझे उनसे लंदन की एक होटल लॉबी में मिलने का सौभाग्य मिला। वह वास्तव में आसानी से हंस देते थे। हम आप की प्रतिभा को याद करेंगे।

इसके अलावा बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर ने भी शेन वॉर्न को श्रद्धांजलि देते हुए ट्वीट किया है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, इस खबर ने मेरे जैसे लाखों लोगों को सदन में और अविश्वास में छोड़ दिया है। वह बहुत जल्दी चले गए। आपकी आत्मा को शांति मिले, स्पिन के राजा।

मनोरंजन जगत और टीवी जगत के कलाकार सोशल मीडिया के जरिए इस महान क्रिकेटर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

End of Article