महिला वनडे क्रिकेट में सवार्धिक विकेट लेने वाली झूलन गोस्‍वामी का रोल निभाएंगी अनुष्‍का शर्मा, जानें कब और कहां रिलीज होगी मूवी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 6, 2022, 10:08 AM IST

महिला क्रिकेटर झूलन गोस्वामी की बायोपिक में उनका रोल प्ले करती नजर आएंगी अनुष्का शर्मा। एक्ट्रेस ने शेयर किया फिल्म का टीजर।

महिला वनडे क्रिकेट में सवार्धिक विकेट लेने वाली झूलन गोस्‍वामी का रोल निभाएंगी अनुष्‍का शर्मा, जानें कब और कहां रिलीज होगी मूवी

बॉलीवुड एक्ट्रेस अनु्ष्का शर्मा लंबे ब्रेक के बाद बड़े पर्दे पर वापसी के लिए तैयार हैं। अनुष्का जल्द ही विश्व क्रिकेट के इतिहास में सबसे तेज महिला तेज गेंदबाजों में से एक झूलन गोस्वामी की बायोपिक ‘चकदा एक्सप्रेस’ में नजर आएंगी जिसकी पुष्टि खुद एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया के जरिए की। अनुष्का ने सोशल मीडिया पर फिल्म का टीजर शेयर करते हुए फैंस को इसकी जानकारी दी।

कब और कहां रिलीज होगी फिल्म

फिल्म का टीजर काफी जबरदस्त है। फिल्म में अनुष्का बंगाली एक्सेंट में डायलॉग बोलती नजर आ रही हैं। वो कहती हैं, 'जब जर्सी खुद के नाम का नहीं तो फैन किसके नाम को फॉलो करेगा, किंतु चिंता करो ना, आज जर्सी पे अपना नाम बना लिया और कल अपना पहचान भी बना लेगा।' अनुष्का ने सोशल मीडिया पर टीजर शेयर कर फैंस को यह जानकारी दी कि ‘चकदा एक्सप्रेस’ ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। हालांकि फिल्म कब रिलीज होगी इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। बता दें कि इस फिल्म को प्रोसीत रॉय डायरेक्ट करेंगे जबकि अनुष्का के भाई कर्णेश शर्मा फिल्म को प्रोड्यूसर करेंगे।

कौन हैं झूलन गोस्वामी

मालूम हो कि झूलन गोस्वामी महिला वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज एवं दुनिया में दूसरे नंबर की सबसे तेज गेंदबाज हैं। उन्‍होंने कुल 333 अंतरराष्‍ट्रीय विकेट चटकाए हैं। दाएं हाथ की तेज गेंदबाज झूलन गोस्‍वामी ने टेस्‍ट में 41 विकेट झटके। इसके अलावा वनडे में 236 विकेट ले चुकी हैं। वहीं टी-20 इंटरनेशनल में 56 विकेट दर्ज है। झूलन भारतीय महिला क्रिकेट की सबसे बेहतरीन गेंदबाज रही हैं। उन्होंने अपना डेब्यू साल 2002 में ही किया था। झूलन गोस्‍वामी भारतीय महिला क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करती हैं।

साल 2018 में रिलीज हुई थी अनुष्का की फिल्म

अनुष्का की बात करें तो वो आखिरी बार साल 2018 में रिलीज हुई फिल्म जीरो में नजर आईं थीं जिसमें उनके अलावा शाहरुख खान और कैटरीना कैफ लीड रोल में थे। यह फिल्म दर्शकों को इंप्रेस करने में असफल रही थी। इस फिल्म के बाद से अनुष्का ब्रेक पर हैं और दर्शक एक्ट्रेस की नई फिल्म की घोषणा का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। 

End of Article