Priyadarshan reacts to Arshad Warsi's claims: प्रियदर्शन इंडियन सिनेमा के बेहतरीन डायरेक्टर्स में से एक हैं। साल 2004 में आई फिल्म 'हलचल' का निर्देशन प्रियदर्शन ने ही किया था। इस मूवी को बॉलीवुड की बेहतरीन कॉमेडी फिल्मों में से एक माना जाता है। 'हलचल' तब चर्चा में आई, जब अरशद वारसी ने एक इंटरव्यू के दौरान इस मूवी के सेट पर अपने 'बुरे अनुभव' के बारे में बात की। अरशद ने बताया था कि जो किरदार उन्हें निभाने के लिए बोला गया था वो एक बड़ा रोल था। अब अरशद वारसी के इस कमेंट के बाद एक इंटरव्यू में फिल्म निर्माता-निर्देशक प्रियदर्शन ने अरशद वारसी द्वारा 'हलचल' पर किए कमेंट्स को लेकर प्रतिक्रिया दी है।
अरशद के दावों पर बोले प्रियदर्शन
मिड-डे से बात करते हुए निर्माता-निर्देशक प्रियदर्शन ने अरशद वारसी द्वारा किए गए दावों पर रिएक्शन देते हुए कहा, 'जब मैंने अरशद वारसी की बात पढ़ीं तो काफी दुख हुआ। हो सकता है मैं गलत हूं औरमेरी बातों को गलत तरह से लिया गया हो लेकिन अगर उन्होंने शिकायत की है तो मैं हैरान हूं।' डायरेक्टर ने आगे कहा कि फिल्म रिलीज होने के बाद अरशद का उनके पास कॉल आया था और उन्होंने कहा था कि मैंने कभी सोचा था कि मुझे इस तरह का प्यार मिलेगा।
प्रियदर्शन ने आगे कहा, 'हलचल एक बड़ी हिट फिल्म थी लेकिन अरशद ने इसे फ्लॉप कहा, यह जानकार काफी दुख हुआ। ऐसा उन्होंने क्यों कहा जबकि यह मेरी हिट मूवीज में से एक थी।' प्रियदर्शन का कहना है कि अरशद वारसी ने जो भी आरोप लगाए हैं वो हैरान कर देने वाले हैं। उनके पास शिकायत करने का कोई कारण नहीं चाहिए था।
