शहर

10 हजार की इनामी 'धौलपुर शेरनी' जयपुर से गिरफ्तार, 3 साल से थी फरार

राजस्थान के धौलपुर में हत्या के प्रयास के मामले में तीन साल से फरार 10 हजार रुपये की इनामी युवती को पुलिस ने जयपुर से गिरफ्तार किया। युवती इंस्टाग्राम पर ‘धौलपुर शेरनी’ नाम से सक्रिय थी।

Image

आरोपी पूजा के इंट्राग्राम हेंडल से ली गई फाइल फोटो

Dholpur News: राजस्थान के धौलपुर में हत्या के प्रयास के मामले में पिछले तीन साल से फरार चल रही 10 हजार रुपये की इनामी युवती को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवती पूजा सोशल मीडिया पर 'धौलपुर शेरनी' के नाम से एक्टिव थी। उसने गिरफ्तारी से कुछ दिन पहले ही पुलिस और अपने ऊपर घोषित इनाम को लेकर वीडियो भी शेयर किया था। धौलपुर पुलिस की स्पेशल टीम और निहालगंज थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे जयपुर में एक किराए के कमरे से पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद पूछताछ की गई और फिर उसे जेल भेज दिया गया।

2023 में दर्ज हुआ था मामला

पुलिस के अनुसार, मामला 25 जुलाई 2023 का है। पीड़ित आकाश ने 26 जुलाई को निहालगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने बताया कि वह घर से पास की दुकान पर सामान लेने गया था। इसी दौरान 8 से 10 युवक वहां पहुंचे और उसकी स्विफ्ट कार में तोड़फोड़ करने लगे। आकाश के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद हमलावरों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से उस पर दो गोलियां चलाईं। पीड़ित ने किसी तरह एक घर में छिपकर अपनी जान बचाई । उसने यह आरोप भी लगाया था कि हमलावर उसके गले से सोने की चेन छीनकर ले गए।

तीन आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि पूजा लगातार फरार चल रही थी। लंबे समय तक गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस के मुताबिक, स्पेशल टीम में तैनात हेड कांस्टेबल दीनदयाल शर्मा को मुखबिर से सूचना मिली कि पूजा जयपुर में किराए के कमरे में रह रही है। इसके बाद टीम गठित कर मौके पर कार्रवाई की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

इंस्टाग्राम पर ‘धौलपुर शेरनी’ नाम से थी सक्रिय

पुलिस जांच में सामने आया कि पूजा सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थी। उसने इंस्टाग्राम पर ‘धौलपुर शेरनी’ नाम से अकाउंट बना रखा था, जिस पर वह अक्सर वीडियो अपलोड करती थी। बताया गया है कि उसके अकाउंट पर 25 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। 17 अक्टूबर को उसने एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें उसने पुलिस के पीछे लगे होने और अपने ऊपर 10 हजार का इनाम होने का जिक्र किया था। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article