शहर

राहुल गांधी के काफिले के एक्सीडेंट पर बड़ा एक्शन: यूपी पुलिस महानिदेशक ने गठित की SIT, आईजी किरण एस करेंगे जांच

Rahul Gandhi Convoy Accident: सुलतानपुर में राहुल गांधी के काफिले के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना की जांच के लिए यूपी डीजीपी के निर्देश पर आईजी किरण एस की अध्यक्षता में 3 सदस्यीय एसआईटी (SIT) गठित की गई है।

Image

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर राहुल गांधी का काफिला हादसे का शिकार

Rahul Gandhi Convoy Accident: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर दौरे के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के काफिले के वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। पुलिस महानिदेशक (DGP), उत्तर प्रदेश के निर्देश पर इस पूरे मामले की विस्तृत और समग्र जांच के लिए एक तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया गया है। राहुल गांधी का काफिला तब हादसे का शिकार हो गया था, जब वो सुलतानपुर कोर्ट में पेशी के लिए जा रहे थे।

आईजी किरण एस को सौंपी गई एसआईटी की कमान

घटना की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए, दुर्घटना के वास्तविक कारणों, परिस्थितियों तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या चूक की पड़ताल के लिए गठित SIT में निम्नलिखित वरिष्ठ अधिकारियों को शामिल किया गया है।

  1. श्री किरण एस (पुलिस महानिरीक्षक, लखनऊ परिक्षेत्र, लखनऊ) - अध्यक्ष
  2. श्री बृज नारायण सिंह (अपर पुलिस अधीक्षक, सुलतानपुर) - सदस्य
  3. श्री राम कृष्ण चतुर्वेदी (पुलिस उपाधीक्षक, यातायात, सुलतानपुर) - सदस्य

इन मुख्य बिंदुओं पर केंद्रित होगी जांच

पुलिस मुख्यालय की ओर से विशेष जांच दल के लिए जांच के तीन प्रमुख बिंदु तय किए गए हैं। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर गाड़ियों के टकराने के मूल कारणों और मौके की स्थितियों की विस्तृत पड़ताल करना। काफिले की सुरक्षा, एस्कॉर्ट गाड़ियों और रूट के यातायात प्रबंधन में किसी भी स्तर पर हुई चूक या लापरवाही की जांच करना। भविष्य में किसी वीआईपी मूवमेंट के दौरान ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए ठोस उपचारात्मक कदम व सुझाव देना। मुख्यालय ने एसआईटी को निर्देश दिया है कि वह घटना के सभी पहलुओं पर निष्पक्ष व समग्र जांच पूरी कर अपनी विस्तृत रिपोर्ट जल्द से जल्द पुलिस महानिदेशक कार्यालय को सौंपना सुनिश्चित करे।

कब और कहां हुआ हादसा?

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सुल्तानपुर जिले के हलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत किलोमीटर मार्कर 89.5 के पास अचानक ब्रेक लगने के कारण राहुल गांधी के काफिले के पीछे चल रही कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इस दुर्घटना में वाहनों को नुकसान पहुंचा है और 1 से 2 लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं।

Vinod Mishra
विनोद मिश्राauthor

दिल्ली से लेकर यूपी की राजधानी लखनऊ में करीब दो दशक से टीवी पत्रकारिता कर रहें है। यूपी की सियासत की नब्ज और ब्यूरोकेसी की समझ है। पत्रकारिता एक पैशन है।

और पढ़ें
End of Article