शहर

VIDEO: "योगी जी को थैंक यू बोलो..." महिला कारीगर से बोले पीएम मोदी, सोशल मीडिया पर Viral हो रही ये बातचीत

पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के मिर्जामुराद में अहमदाबाद स्थित अरविंद लिमिटेड की 150 करोड़ रुपये की नई गारमेंट फैक्ट्री का उद्घाटन करने पहुंचे थे। बातचीत के दौरान महिला कर्मचारी के सुरक्षा वाले बयान पर पीएम ने मुस्कुराते हुए कहा- 'योगी जी को थैंक यू बोलो'।

Image

महिला श्रमिकों से बात करते प्रधानमंत्री

Photo : Times Now Digital

रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के मिर्जामुराद स्थित खोचवां में अहमदाबाद की प्रसिद्ध कंपनी अरविंद लिमिटेड की एक मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी का उद्घाटन किया। 150 करोड़ रुपये की लागत से बनी यह नई गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी करीब 7 से 8 एकड़ क्षेत्र में फैली है। यह संयंत्र पूर्वांचल क्षेत्र में कंपनी का पहला बड़ा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट है। इस दौरान प्रधानमंत्री ने प्रशिक्षण ले रहीं स्थानीय महिला कर्मचारियों से बातचीत की, उनका कुशलक्षेम पूछा और उनके कार्य व अनुभवों के बारे में जानकारी ली। इसी दौरान की एक बातचीत सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है।

"योगी जी को थैंक यू बोलो"

प्लांट के निरीक्षण और संवाद के दौरान एक बेहद हल्का-फुल्का और आत्मीय पल देखने को मिला, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब देखा और पसंद किया जा रहा है। प्रधानमंत्री से बातचीत करते हुए एक महिला कर्मचारी ने क्षेत्र में उद्योग लगने और बेहतर कानून-व्यवस्था की तारीफ करते हुए कहा, "जब से यह कंपनी खुली है सर, अब गांव के लोग भी जागरूक हो गए हैं कि नहीं, हमें भी अपनी बेटी को बाहर निकालना है। इसलिए मैं आपको कोटि-कोटि धन्यवाद करती हूं सर कि इस कंपनी की वजह से हम बाहर निकले हैं। यहां सुरक्षा बहुत है, तो हमारे परिवार के लोग भी..." महिला कर्मचारी की बात सुनकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुस्कुराते हुए तुरंत कहा, "योगी जी को थैंक यू बोलो।" पीएम मोदी की इस चुटकी पर पूरा माहौल हल्का हो गया।

दो चरणों में विकसित होगा प्रोजेक्ट, हजारों को मिलेगा रोजगार

न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, यह संयंत्र पूर्ण रूप से क्रियाशील होने के बाद दो चरणों में विकसित किया जाएगा, जिससे पूरे पूर्वांचल क्षेत्र के हजारों युवाओं और महिलाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इस फैक्ट्री में मुख्य रूप से स्थानीय महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार और तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 1931 में स्थापित और अहमदाबाद (गुजरात) में मुख्यालय वाली अरविंद लिमिटेड डेनिम, कॉटन, लिनेन, स्पोर्ट्सवियर और इंडस्ट्रियल फैब्रिक तैयार करती है। इस नए प्लांट से बनने वाले कपड़े अब वैश्विक और राष्ट्रीय ब्रांडों तक पहुंचेंगे।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article