Anurag Kashyap on Abhinav Kashyap-Salman Khan Controversy: बॉलीवुड में अनुराग कश्यप (Anurag Kashyap) और उनके भाई अभिनव कश्यप (Abhinav kashyap) के बीच चल रही बातें फिर से सुर्खियों में आ गई हैं। हाल ही में अभिनव कश्यप ने एक इंटरव्यू में सलमान खान के बारे में कुछ बड़े दावे किए थे, जिससे काफी हंगामा मच गया था। इस इंटरव्यू के दौरान अभिनव कश्यप ने सलमान खान और उनके परिवार के खिलाफ कई आरोप लगाए थे। अब अनुराग कश्यप ने मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है और कहा है कि उन्हें सब कुछ पता है। तो चलिए जानते हैं अनुराग कश्यप ने अपने इंटरव्यू के दौरान क्या बोला है।
अनुराग कश्यप ने कही ये बात
फिल्मकार अनुराग कश्यप ने हाल ही में अपने भाई अभिनव कश्यप और सलमान खान के बीच ‘दबंग’ से चले आ रहे विवाद पर खुलकर बात की। मिड-डे के ‘सिट विद हिटलिस्ट’ में अनुराग ने कहा कि वो इस मामले पर सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कहना चाहते, क्योंकि उनके भाई ने पहले ही उनसे ऐसा न करने को कहा था। उन्होंने बताया, 'मुझे सब पता है कि क्या हो रहा है, लेकिन मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता। बस इसलिए कि बहुत पहले उन्होंने मुझसे कहा था कि उनके बारे में बात न करूं।' अनुराग ने कहा कि परिवार का सम्मान सबसे बड़ा है, इसलिए वो चुप रहना पसंद करते हैं, भले ही इस बात पर सालों से काफी चर्चा हो रही हो। उन्होंने कहा, 'भाई होने के नाते मैं उनसे बहुत प्यार करता हूं और बहुत कुछ समझता हूं।' बातचीत में कानूनी मामलों का भी जिक्र हुआ। जब उनसे एक केस के बारे में पूछा गया तो अनुराग ने कहा, 'हां, मुझे लगता है कि वो केस हार चुके हैं।' इंटरव्यूअर ने पूछा, 'मानहानि का केस?' तो अनुराग ने हां कहा और बताया कि वो केस पहले से चल रहा है। उन्होंने कहा, 'मैं अपने बारे में जो चाहूं कह सकता हूं, लेकिन वो मेरा भाई है और उन्होंने बहुत साफ-साफ कहा है कि उनके बारे में बात न करूं।'
अभिनव कश्यप ने लगाए थे सलमान खान पर आरोप
डायरेक्टर अभिनव कश्यप ने सलमान खान पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था सलमान खान ने उनका करियर खराब कर दिया। साथ ही साथ बोला था कि सलमान खान अच्छे इंसान नहीं हैं। अनुराग कश्यप के बयान पर आपकी क्या राय है, कमेंट करके हमें जरूर बताएं।
