Anu Aggarwal is in romantic relationship: 90 के दशक में अदाकारा अनु अग्रवाल ने फिल्म आशिकी से बॉलीवुड में कदम रखा और सबको दीवाना बना दिया। जब अनु अग्रवाल लोगों के दिल-ओ-दिमाग पर छायी हुई थीं, तब उन्होंने इस बात का खुलासा किया था कि वो लिव-इन-रिलेशनशिपम में हैं। 90 के दशक में लोग अनु अग्रवाल के इस खुलासे से हैरान रह गए थे। उस वक्त में लिव-इन-रिलेशनशिप के बारे में बात करना सामान्य नहीं था। आज का दौर अलग है, जिसमें स्टार्स अपने लिव-इन-रिलेशनशिप के बारे में बात करने से कतराते नहीं हैं। अनु अग्रवाल आशिकी रिलीज होने के कुछ सालों बाद इंडस्ट्री से बाहर हो गईं और फिर उनके रिलेशनशिप पर चर्चाएं नहीं हुईं।
हालांकि पिछले कुछ समय से अनु अग्रवाल चर्चा में हैं। उनकी तस्वीरें और इंटरव्यूज लोगों के बीच धमाल मचाते रहते हैं। अनु अग्रवाल ने अपनी जिंदगी के बारे में एक बड़ा खुलासा किया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। अनु अग्रवाल ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए बताया है कि वो इस वक्त रिलेशनशिप में हैं। अनु के अनुसार उनकी जिंदगी में एक मिस्ट्रीमैन है, जिससे उन्हें मोहब्बत है। जब अनु से इस इंसान के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'मैं उसके बारे में ज्यादा बात तो नहीं कर सकती हूं लेकिन हम लोग लिव-इन-रिलेशनशिप में हैं और हमारा रिश्ता काफी अच्छा है।'
अनु अग्रवाल के अनुसार उनका मिस्ट्रीमैन फिल्म इंडस्ट्री से रिश्ता नहीं रखता है। अनु ने अपने मिस्ट्रीमैन के बारे में बताया, 'मेरा साथी भारत का नहीं है और न ही वो बॉलीवुड में काम करता है लेकिन हम लोग मिलते रहते हैं। भारत अकेला ऐसा देश नहीं है, जहां हम मिलते हैं।'
बता दें आशिकी गर्ल अनु अग्रवाल अपनी डेब्यू मूवी के साथ ही काफी मशहूर हो गई थीं। अनु अग्रवाल ने आशिकी के साथ इंडस्ट्री में हलचल मचा दी थी। हालांकि कुछ ही समय के बाद उनका एक्सीडेंट हो गया, जिसके बाद वो बॉलीवुड से बाहर हो गईं। बॉलीवुड से बाहर होने के बाद किसी ने उनकी सुध नहीं ली और वो सालों तक गुमनामी में जीती रहीं।
