Daman Trailer Released: एक्टर बाबूशान मोहांती की फिल्म दमन का हिंदी ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। ये एक उड़िया फिल्म है जिसे ओडिशा के थिएटर्स में 3 नवंबर को रिलीज किया गया था। इस फिल्म ने ओडिशा के सिनेमाघरों में धमाल मचा दिया था। सभी राज्यों में फिल्म के हाउसफुल शोज को देखते हुए इसे अलग-अलग भाषा में रिलीज करने का ऐलान किया गया था। इस फिल्म को हिंदी में डब कर दिया गया है। फिल्म के ट्रेलर को अजय देवगन ने अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया है। फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। ये फिल्म 3 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। दमन को विशाल मौर्य और देवी प्रसाद लेंका ने निर्देशित किया है।
फिल्म के ट्रेलर की शुरुआत बाबूशान के साथ होती है, जो फिल्म में डॉक्टर की भूमिका निभा रहे हैं। ट्रेलर में एक डॉक्टर की परेशानी को दिखाया गया है कि जहां स्वास्थ्य सेवा केंद्र नहीं होने की वजह से लोगों का इलाज करने में कितनी कठिनाइयां आती है। गांव के दुर्गम इलाके के लोग किसी बीमारी को कैसे भूत प्रेत और अंधविश्वास का नाम दे देते हैं। आपको बताते चलें कि फिल्म की कहानी सत्य घटना पर आधारित है।
अजय देवगन ने लॉन्च किया ट्रेलर
2020 में विशाल और देवी ने मलकानगिरी के चितारकोंडा ब्लॉक में ओडिशा सरकार के मलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम दमन (दुर्गम अंचल मलेरिया निराकरण) पर आधारित डॉक्यूमेंट्री बनाने गए थे। इस डॉक्यूमेंट्री के दौरान दोनों के दिमाग में ख्याल आया कि इस विषय पर फिल्म बनानी चाहिए। दमन का शानदार कॉन्सेप्ट, पिक्चराइजेशन, निर्देशन और अभिनय की वजह से ये एक ब्लॉकबस्टर फिल्म बन गई। इस फिल्म के प्रोड्यूसर दीपेंद्र समल है। आईएमडीबी ने दमन फिल्म को 10 में से 9.7 रेटिंग दी थी। इस फिल्म को हिंदी में देखना का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
