Adipurush Latest News: फिल्म आदिपुरुष को लेकर नेपाल में विवाद पनप गया है। वहां के काठमांडू में महापौर बालेंद्र शाह ने महाकाव्य रामायण पर बनी फिल्म “आदिपुरुष” से संवाद का एक हिस्सा न हटाने तक नेपाल की राजधानी में हिंदी फिल्मों के प्रदर्शन पर बैन लगाने की गुरुवार (15 जून, 2023) को घोषणा की। हालांकि, महापौर ने बदलाव करने के लिए तीन दिन का समय दिया है।
शाह की ओर से फेसबुक पर लिखा गया, “दक्षिण भारतीय फिल्म 'आदिपुरुष' में निहित 'जानकी भारत की बेटी है' पंक्ति नेपाल और भारत में नहीं हटाए जाने तक काठमांडू महानगर में किसी भी हिंदी फिल्म के प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी।”
चेतावनी के बाद मेकर्स को फिल्म से उक्त विवादित हिस्से को हटाना पड़ा, जिसके बाद ही उसे नेपाल सेंसर बोर्ड की मंजूरी मिली। फिल्म का शुक्रवार (16 जून, 2023) से नेपाल में प्रदर्शन होना था। हालांकि, नेपाल के फिल्म सेंसर बोर्ड ने कहा है कि उसने सीता को भारत की बेटी बताने वाले संवाद को हटाने के बाद ही फिल्म को रिलीज करने की इजाजत दी है।
वैसे, प्रभास स्टारर इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत मिलने की आस है। कुछ बिजनेस विशेषज्ञों का मानना है कि फिल्म रिलीज के पहले दिन 80 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई कर सकती है, जबकि मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म 500 करोड़ रुपए की लागत से बनाई गई है।
यह शुक्रवार को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई। टी-सीरीज के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन ओम राउत ने किया है। वहीं, इसमें सैफ अली खान, कृति सेनन, सनी सिंह और देवदत्त नागे जैसे कलाकार भी हैं। (पीटीआई-भाषा इनपुट्स के साथ)
एंटरटेनमेंट की ताजा ख़बरें (Entertainment News Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें बॉलीवुड न्यूज (Bollywood News in Hindi) की छोटी-बड़ी सभी खबरें Times Now Navbharat Live TV पर। और Friday OTT Release (Web Series) की ताजा जानकारी के लिए जुड़े रहें Times Now Navbharat से।
