Adipurush advance booking: फिल्म आदिपुरुष ने एडवांस बुकिंग के मामले में ब्रह्मास्त्र के रिकॉर्ड्स को तोड़ दिया है। ऐसा करते हुए प्रभास स्टारर यह माइथोलॉजिकल फिल्म (राम-सीता की कहानी) पठान के ऐतिहासिक नंबर्स के नजदीक आ गई है। आदिपुरुष के एडवांस बुकिंग से जुड़े नंबर्स इस बात के संकेत देते हैं कि यह फिल्म आगे बॉक्स ऑफिस के कई और रिकॉर्ड्स को ब्रेक कर सकती है।
गुरुवार रात इस फिल्म के करीब 25 करोड़ रुपए के टिकट बिक गए और ये सारे टिकट्स सिर्फ ओपनिंग डे (पहले दिन - सभी भाषाओं में) के लिए थे। कोरोना वायरस संकट के बाद यह सभी भारतीय फिल्मों में यह चौथी सर्वाधिक एडवांस बुकिंग पाने वाली फिल्म बनी, जिसने ब्रह्मास्त्र (17.71 करोड़ रुपए) और पॉनियिन सेल्वन 1 (15.82 करोड़ रुपए) को पछाड़ा, पर यह केजीएफ चैप्टर (80.30 करोड़), आरआरआर (58.73 करोड़) और पठान (32.01 करोड़) से कुछ दूर है।
इस फिल्म को लेकर फैंस का उत्साह और बेचैनी इस बात से समझी जा सकती है कि हैदराबाद में इसका पहला शो ठीक सुबह चार बजे शुरू हुआ था। आदिपुरुष की एडवांस बुकिंग ने प्रभास की इससे पहले आई फिल्म राधे श्याम (23.22 करोड़) की एडवांस बुकिंग को भी पीछे छोड़ा। ऐसे में माना जा सकता है कि फिल्म आदिपुरुष अपने ओपनिंग डे पर सिर्फ इंडिया में 75 से 80 करोड़ रुपए की कमाई का आंकड़ा छू सकती है।
रोचक बात है कि आदिपुरुष की एडवांस बुकिंग से हुई कमाई का आधा हिस्सा तेलुगू वर्जन ने किया, जबकि हिंदी वर्जन ने भी अपना दम दिखाया। वैसे, सभी भाषाओं की बात करें तो बुक माई शो पर इस फिल्म के अब तक 15 लाख से अधिक टिकट बिक चुके हैं। बुक माई शो के सीओओ आशीष सक्सेना की ओर से मीडिया को बताया गया कि कुल मिलाकर थ्रीडी टिकट्स की सेल लगभग 80 फीसदी (कुल बिक्री में) रही।
