1983 वर्ल्ड कप विजेता भारतीय टीम के सदस्य रोजर बिन्नी आधिकारिक रूप से बीसीसीआई के नए अध्यक्ष बन गए हैं। रोजर बिन्नी बीसीसीआई अध्यक्ष के रूप में पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली की जगह लेंगे। रोजर बिन्नी को सर्वसम्मित से बीसीसीआई अध्यक्ष चुना गया था। रोजर बिन्नी एक ऐसे क्रिकेटर हैं जिसने हर विकेट के साथ 1983 वर्ल्ड कप में नया रिकॉर्ड बना लिया था। कहा जाता है कि अगर रोजर बिन्नी (Roger Binny) नहीं होते तो वर्ल्ड कप जीतना तो दूर भारतीय टीम फाइनल में भी नहीं पहुंच पाती।
पर्दे पर रोजर बिन्नी के किरदार को रणवीर सिंह स्टारर मूवी 83 में देखा जा चुका है और इस किरदार को मूवी में निभाया था अभिनेता निशांत दहिया ने। इस फिल्म में वर्ल्ड कप 1983 के उस हीरो को दिखाया गया जिसे वक्त के साथ भुला दिया गया था। बिन्नी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 'करो या मरो' के मुकाबले में 8 ओवर में 29 रन देकर 4 विकेट लिए थे। कबीर खान (Kabir Khan) की मूवी 83 में रोजर बिन्नी (Roger Binny) के किरदार को जगह मिली और निशांत दहिया (Nishant Dahiya) ने इसे शानदार तरीके से निभाया।
निशांत दहिया ने पर्दे पर रोजर बिन्नी के किरदार को निभाते हुए प्रसन्नता जाहिर की थी और उन्हें क्रिकेट जगत का एक महान खिलाड़ी बताया था। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया कि ये एक बड़ा चैलेंज था कि उनकी तरह दिखना और उनके रूप में ढलना। इसके लिए उन्होंने काफी मेहनत की। निशांत ने ही इंटरव्यू में बताया था कि रोजर बिन्नी पहले जैवलिन थ्रो किया करते थे, इसलिए उनका बॉलिंग एक्शन काफी मैच करता है।
निशांत के लिए था चैलेंज
निशांत बताते हैं कि सबसे चैलेंजिंग था उनके बॉलिंग एक्शन को कॉपी करना। मुझे उनके किरदार में ढलने में करीब छह महीने लगे। हर दिन शूटिंग के बाद मैं उनकी तरह एक्ट करने की कोशिश करता था। बता दें कि रणवीर सिंह फ़िल्म में कपिल देव की भूमिका निभाते नजर आए और दीपिका पादुकोण यहाँ कपिल देव की पत्नी रोमी देव की भूमिका में दिखाई दी थीं।
