Bihar Elections 2025: बिहार में विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, चुनावी सरगर्मियां तेज होती जा रही हैं। भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह ने शनिवार को कहा कि 15 साल पहले और आज के बिहार में फर्क है या नहीं। दरअसल, पवन सिंह ने खेसारी लाल यादव के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी जिसमें उन्होंने कहा था कि जंगल राज ज्यादा अच्छा था, पैसे देकर लोग जिंदा तो रहते थे।
पवन सिंह ने क्या कुछ कहा?
भोजपुरी अभिनेता ने कहा कि आप 15 साल पहले का और आज का बिहार लोग देखिए, फर्क है या नहीं। विकास क्या है क्या नहीं? सब साफ दिखाई देगा। वहीं, जब पवन सिंह से पूछा गया कि क्या वह खेसारी के चुनाव प्रचार में जाएंगे या नहीं, क्योंकि पवन सिंह के चुनाव में खेसारी ने प्रचार किया था? इस पर अभिनेता ने कहा कि पार्टी का जैसा निर्देश होगा वह काम करूंगा...
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किए गए एक पोस्ट 'बिहारी कहलानी अब सम्मान की बात है' पर पवन सिंह ने कहा कि बिल्कुल, बिहारी कहलाना गर्व की बात है। हम गर्व के साथ बिहारी हैं। वहीं पत्नी के चुनाव लड़ने से जुड़े सवाल पर पवन सिंह ने कहा कि मैं इस पर कुछ नहीं कहूंगा।
बिहार में कब होगा मतदान
बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरणों में चुनाव संपन्न होगा। 6 नवंबर को पहले चरण की वोटिंग, जबकि 11 को दूसरे चरण के लिए मतदान होगा। वहीं, 14 नवंबर को उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा।
