Ravi Kishan Death Threat: भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है जिसके बाद उन्होंने गोरखपुर पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि रामगढ़ ताल थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, गोरखपुर के एसपी अभिनव त्यागी ने बताया कि बिहार चुनाव प्रचार के दौरान दिए गए उनके भाषणों को लेकर सांसद रवि किशन को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा फोन पर धमकी दिए जाने की घटना सामने आई है। रामगढ़ थाने में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।
बकौल एफआईआर, भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 302, 351 (3) और 352 के तहत मामला दर्ज किया गया है। रवि किशन के निजी सचिव शिवम द्विवेदी ने शिकायत दर्ज कराई थी जिसकी एवज में एफआईआर दर्ज हुई।
रवि किशन ने क्या कुछ कहा?
सांसद रवि किशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर धमकी मिलने की जानकारी दी। साथ ही बताया कि उनके मां को लेकर अपशब्द भी कहे गए हैं। उन्होंने कहा, ''मुझे हाल ही में फोन पर अपशब्द कहे गए, मेरी माता जी को लेकर भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। यहां तक कि मुझे जान से मारने की धमकियां दी गईं और प्रभु श्रीराम के प्रति अपमानजनक शब्द कहे गए। यह न केवल मेरे व्यक्तिगत सम्मान पर, बल्कि हमारी आस्था और भारतीय संस्कृति के मूल तत्वों पर भी सीधा प्रहार है।''
उन्होंने कहा कि ऐसे कृत्य समाज में नफरत और अराजकता फैलाने की कोशिश हैं, जिनका जवाब लोकतांत्रिक और वैचारिक मजबूती से दिया जाएगा। मैं स्पष्ट कहना चाहता हूं कि न मैं इन धमकियों से डरता हूं, न झुकूंगा। उन्होंने कहा कि जनसेवा, राष्ट्रवाद और धर्म के पथ पर चलना मेरे लिए कोई राजनीतिक रणनीति नहीं, बल्कि जीवन का संकल्प है।
रवि किशन ने आगे कहा कि मैं इस मार्ग पर हर परिस्थिति में अडिग रहूंगा, चाहे इसके लिए मुझे किसी भी कीमत का सामना क्यों न करना पड़े। यह मार्ग कठिन है, पर मुझे इसी में अपना जीवन सार्थक दिखाई देता है। मेरे लिए यह संघर्ष आत्मसम्मान, आस्था और कर्तव्य की रक्षा का प्रतीक है और मैं अंत तक दृढ़ रहूंगा, निष्ठावान रहूंगा।
