इलेक्शन

कभी केंद्र के खिलाफ जंजीरों में जकड़कर पहुंचे थे संसद, अब BJP में शामिल, सुशील कुमार रिंकू ने क्यों दिया AAP को झटका?

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Mar 28, 2024, 09:23 AM IST

2023 में सुशील कुमार रिंकू ने केंद्र सरकार पर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाया था और लोगों से 2024 के लोकसभा चुनावों में भगवा पार्टी को सत्ता से उखाड़ फेंकने की अपील की थी।

Image

सुशील कुमार रिंकू बीजेपी में शामिल

Photo : ANI

Sushil Kumar Rinku: पिछले साल अगस्त में आम आदमी पार्टी के सांसद सुशील कुमार रिंकू लोकसभा में अपने अंदाज के लिए खूब चर्चित हुए थे। वह अपने और पार्टी सांसदों संजय सिंह और राघव चड्ढा के राज्यसभा से निलंबन के विरोध में जंजीरों में जकड़कर संसद परिसर में पहुंचे थे। सुशील कुमार रिंकू की संसद परिसर में घूमते हुए 'देश के लोकतंत्र को गुलामी की जंजीरों से मुक्त करो' के नारे लगाते हुए तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थीं। आज वही सुशील कुमार रिंकू भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं।

तब संसद में केंद्र सरकार को घेरा था

तब सुशील कुमार रिंकू ने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाया था और लोगों से 2024 के लोकसभा चुनावों में भगवा पार्टी को सत्ता से उखाड़ फेंकने की अपील की थी। दिलचस्प बात यह है कि आप में शामिल होने के एक साल से भी कम समय में सुशील रिंकू भारतीय जनता पार्टी में आ गए, जिससे लोकसभा चुनाव से ऐन पहले अरविंद केजरीवाल और आप पार्टी को तगड़ा झटका लगा है।

कौन हैं सुशील कुमार रिंकू?

  • दलित समुदाय से आने वाले सुशील कुमार रिंकू ने अपना राजनीतिक करियर नगर निगम पार्षद के रूप में शुरू किया था। वह 2017 में कांग्रेस के टिकट पर विधायक बने थे।
  • 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें AAP उम्मीदवार शीतल अंगुराल से हार का स्वाद चखना पड़ा था।
  • अप्रैल 2023 में सुशील कुमार रिंकू ने जालंधर में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की उपस्थिति में AAP में शामिल हो गए थे।
  • आप के उम्मीदवारों की पहली सूची में सुशील कुमार रिंकू को जालंधर संसदीय सीट से उम्मीदवार के रूप में नामित किया गया था।
  • आप ने उपचुनाव में रिंकू को जालंधर लोकसभा सीट से मैदान में उतारा था और उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार करमजीत कौर चौधरी को 58,691 वोटों के अंतर से हराकर जीत हासिल की थी।

पूरे नहीं हुए वादे, आप से थे नाखुश

कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि रिंकू नाखुश थे क्योंकि 2023 के उपचुनाव से पहले उन्होंने जिन परियोजनाओं का वादा किया था, वे पूरी नहीं हुईं। समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, भगवंत मान ने 19 मार्च को रिंकू के साथ एक बैठक भी की थी। हाल ही में रिंकू ने एक टीवी चैनल से बात करते हुए कांग्रेस के साथ गठबंधन की वकालत भी की थी। हालांकि, आम आदमी पार्टी पंजाब में अकेले लोकसभा चुनाव लड़ रही है। पहले ही ऐसी अटकलें थीं कि रिंकू बीजेपी में शामिल होंगे।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article