इलेक्शन

'ना गौ माता को कटने देंगे, ना हिंदुओं को बंटने देंगे', कोलकाता की रैली में गरजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

West Bengal Assembly Election 2026: कोलकाता के जोरासांको में आयोजित एक विशाल जनसभा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबोधन किया। अपने भाषण में उन्होंने परिवर्तन की आवश्यकता और बेहतर शासन की बात कही।

Image

कोलकाता की रैली में योगी आदित्यनाथ का बड़ा बयान (फोटो-ANI)

West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के जोरासांको इलाके में बुधवार को एक विशाल जनसभा हुई। जिसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों को संबोधित किया। इस सभा में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और माहौल काफी उत्साहपूर्ण दिखाई दिया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री (Yogi Adityanath Kolkata speech) ने कहा कि जोरासांको की ऊर्जावान जनता का उत्साह यह संकेत देता है कि लोग अब बंगाल की संस्कृति और विरासत को बचाने के लिए बदलाव का मन बना चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह वही भूमि है जहां देश की आजादी की प्रेरणा देने वाले नारे गूंजे थे और जो आज भी लोगों को प्रेरित करते हैं।

सीएम योगी ने अपने भाषण में यह भी कहा कि बंगाल को अब परिवर्तन की दिशा में आगे बढ़ने की जरूरत है। उनके अनुसार, पिछले कुछ सालों में राज्य में कई समस्याएं सामने आई हैं, जिनमें बेरोजगारी, उद्योगों का बंद होना और किसानों की कठिनाइयां शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में उद्योग बंद हुए हैं और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर कम हुए हैं। सभा में यह भी कहा गया कि राज्य की राजनीतिक स्थिति पर सवाल उठते रहे हैं और जनता अब बदलाव चाहती है। उन्होंने यह आरोप लगाया कि जनता की उम्मीदों के अनुसार विकास नहीं हो पाया है और लोगों को बेहतर शासन की आवश्यकता है।

सांस्कृतिक पहचान और आस्था को मजबूत रखना जरूरी-सीएम योगी

अपने भाषण में उन्होंने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां कानून व्यवस्था में सुधार हुआ है और अवैध गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई की गई है। उन्होंने दावा किया कि अपराध और माफिया के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए हैं, जिससे व्यवस्था में सुधार देखने को मिला है। उन्होंने यह भी कहा कि सांस्कृतिक पहचान और आस्था को मजबूत रखना जरूरी है। बंगाल की पहचान को लेकर उन्होंने मां काली और स्थानीय परंपराओं का उल्लेख किया और कहा कि इस विरासत को सुरक्षित रखना हर किसी की जिम्मेदारी है। सीएम योगी ने कहा -बंगाल में धड़ल्ले से गौ हत्या होती है

यूपी में सब चंगा है, यूपी में सब शांति है। माफिया और गुंडाराज समाप्त है।

माफिया और गुंडा अब यूपी में कहीं भी सिर नहीं उठाता-योगी आदित्यनाथ

माफिया और गुंडा कहीं भी सिर उठाता है, तो यूपी का बुलडोजर उनकी हड्डी पसली को उस हाईवे बनाने में उपयोग कर देता है। माफियाओं ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की सरकार के समय में सरकारी संपत्तियों पर कब्जा किया था। यूपी में अब कोई गौ हत्या नहीं करता है। उत्तर प्रदेश में एक ही उद्घोष है, ना गौ माता को कटने देंगे और नहीं हिंदुओं को बंटने देंगे। बंगाल में भगवा ध्वज लहरा करके जाएगा, बंगाल का अंधकार समाप्त होगा। सभा के अंत में उन्होंने लोगों से लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने और परिवर्तन के लिए एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता की शक्ति ही असली बदलाव ला सकती है और उसी के माध्यम से राज्य का भविष्य बेहतर बनाया जा सकता है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article