इलेक्शन

अयोध्या में रामजी का आशीर्वाद भी INDIA को मिला, सरकार बनाने का प्रयास करेंगे : तेजस्वी यादव

लोकसभा चुनाव 2024 का जो रिजल्ट सामने आया है, उसमें NDA को भले ही बहुमत मिला हो। लेकिन इससे विपक्ष गठबंधन INDIA को बड़ा मनोबल मिला है। यहां तक कि INDIA गठबंधन के लोग केंद्र में सत्ता बनाने की बातें भी कर रहे हैं। ऐसा ही कुछ तेजस्वी यादव ने भी कहा -

Image

तेजस्वी यादव

Photo : Twitter

लोकसभा चुनाव 2024 (Loksabha Election 2024) का परिणाम कल यानी मंगलवार 4 जून को सामने आ चुका है। केंद्र में सत्तारूढ़ NDA गठबंधन को एक बार फिर बहुमत मिला है, लेकिन इस गठबंधन का सबसे बड़ा दल भारतीय जनता पार्टी (BJP) बहुमत के आंकड़े से दूर है। दूसरी तरफ विपक्षी गठबंधन INDIA - 234 सीटों के साथ मजबूत हुआ है। ऐसे में सरकार बनाने की सुगबुगाहल विपक्षी गठबंधन INDIA में भी चल रही है। विपक्ष की और से उम्मीद की जा रही है कि NDA का कोई घटक दल टूटकर उनके साथ आएगा और उनको सरकार बनाने का अवसर मिलेगा। इसी कड़ी में आज बुधवार 5 जून को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व RJD नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने सरकार बनाने के प्रयास से इनकार नहीं किया।

तेजस्वी यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'हमारा प्रदर्शन बहुत ही बढ़िया रहा है और आप जान रहे हैं कि बिहार से ही चुनाव उठा। जिस हिसाब से हमने मुद्दों पर चुनाव लड़ने का काम किया है, वो आप सब देख सकते हैं। अब तो अयोध्या में रामजी का आशीर्वाद तो INDIA गठबंधन को, हम लोग को मिला।'

'बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिले'

तेजस्वी ने कहा, 'एक चीज तो साफ हो गया कि जो मोदी जी की बात करते थे, मोदी-फैक्टर... मोदी-फैक्टर... वो खत्म हो गया है। भाजपा बहुमत से दूर चली गई है। जो सहयोगी हैं, अब उन पर डिपेंडेंट हैं। हमें तो इस बात की खुशी है कि हमारा जो संविधान और लोकतंत्र बचाने का अभियान था, उसमें हम लोग काफी हद तक कामयाब हुए। अब हमारी यही उम्मीद है कि जो भी नई सरकार बने, खासतौर पर बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाए। हमने जो 75 प्रतिशत आरक्षण जो बढ़ाया है, उसे शेड्यूल लाइन में किया जाए।'

'सरकार बनाने का प्रयास करेंगे'

तेजस्वी से पूछा गया कि क्या आप लोग सरकार बनाने का प्रयास करेंगे, इस पर तेजस्वी ने मुस्कुराते हुए कहा, 'प्रयासरत तो हमलोग रहेंगे... देखिए प्रयासरत लोगों को रहना चाहिए... क्यों नहीं रहा चाहिए।'

बता दें कि विपक्ष गठबंधन को जो 234 सीटें मिली हैं, उसमें सबसे बड़ा दल कांग्रेस बना है, जिसे 99 सीटें मिली हैं। कांग्रेस के बाद सबसे ज्यादा 37 सीटें समाजवादी पार्टी को मिली हैं। ममता बनर्जी की पार्टी ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस को 29, डीएमके को 22, शिवसेना (उद्धव गुट) को 9, एनसीपी (शरदचंद्र पंवार) को 8, CPM और RJD को 4-4, AAP, JMM और IUML को 3-3 सीटें मिली हैं। CPI, VCK, CPI(ML)(L) और JKNC को 2-2 सीटें हासिल हुई हैं। RSP, BADVP, MDMK, RLTP और KC को 1-1 सीटें मिली हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article