इलेक्शन

Forth Phase Voting: लोकसभा चुनाव के चौथे चरण की वोटिंग आज, 96 सीटों के साथ-साथ आंध्र प्रदेश में विधानसभा के लिए भी होगा मतदान

Forth Phase Voting: तेलंगाना की 17, आंध्र प्रदेश की 25, उत्तर प्रदेश की 13, बिहार की पांच, झारखंड की चार, मध्य प्रदेश की आठ, महाराष्ट्र की 11, ओडिशा की चार और पश्चिम बंगाल की आठ एवं जम्मू कश्मीर की एक लोकसभा सीट (श्रीनगर) पर सोमवार को मतदान होगा।

Image

गुजरात में वोटिंग के दौरान एक दिव्यांग शख्स पैर से ईवीएम का बटन दबाते हुए

Forth Phase Voting: देश में चल रहे लोकसभा चुनाव 2024 के चौथे चरण का मतदान आज यानि कि सोमवार 13 मई को होना है। चौथे चरण में 96 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। साथ ही आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भी वोटिंग होगी। चौथे चरण के तहत उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना समेत 10 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के लिए मतदान होगा। इस चरण में ओडिशा की 28 विधानसभा सीट पर भी मतदान होना है।

चौथे चरण के प्रमुख उम्मीदवार

इस चरण में कुछ प्रमुख उम्मीदवारों में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (कन्नौज, उप्र) और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (बेगूसराय, बिहार), नित्यानंद राय (उजियारपुर, बिहार) और रावसाहेब दानवे (जालना, महाराष्ट्र) शामिल हैं। इनके अलावा कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी और तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार एवं पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान (दोनों बहरामपुर, पश्चिम बंगाल से), भाजपा की पंकजा मुंडे (बीड, महाराष्ट्र), एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी (हैदराबाद-तेलंगाना) और आंध्र प्रदेश में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वाई एस शर्मिला (कडप्पा) चुनाव मैदान में हैं। केंद्रीय मंत्री अजय कुमार मिश्रा उत्तर प्रदेश की खीरी सीट से हैट्रिक बनाने की जुगत में हैं। उनका बेटा 2021 के लखीमपुरी हिंसा कांड में आरोपी है। तृणमूल कांग्रेस की महुआ मोइत्रा भी पश्चिम बंगाल की कृष्णानगर सीट से फिर संसद पहुंचने के प्रयास में लगी हुई हैं। उन्हें प्रश्न पूछने के बदले नकदी लेने के मामले में लोकसभा से निष्कासित कर दिया गया था। अभिनेता से नेता बने शत्रुघ्न सिन्हा आसनसोल से दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं, जहां उनका मुकाबला भाजपा के वरिष्ठ नेता एस एस अहलूवालिया से है। भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष और तृणमूल कांग्रेस के कीर्ति आजाद बर्धमान-दुर्गापुर से चुनाव लड़ रहे हैं।

किस राज्य में कितनी सीटों पर मतदान

तेलंगाना की 17, आंध्र प्रदेश की 25, उत्तर प्रदेश की 13, बिहार की पांच, झारखंड की चार, मध्य प्रदेश की आठ, महाराष्ट्र की 11, ओडिशा की चार और पश्चिम बंगाल की आठ एवं जम्मू कश्मीर की एक लोकसभा सीट (श्रीनगर) पर सोमवार को मतदान होगा। भाजपा नीत राजग के इन 96 लोकसभा सीट में से 40 से अधिक पर वर्तमान में सांसद हैं। लोकसभा चुनाव के पहले तीन चरणों में क्रमशः 66.14 प्रतिशत, 66.71 प्रतिशत और 65.68 प्रतिशत मतदान हुआ था।

आंध्र प्रदेश में विधानसभा चुनाव भी

आंध्र प्रदेश में सभी 25 लोकसभा सीट पर और सभी 175 विधानसभा सीट पर भी चुनाव हैं। आंध्र प्रदेश में वाईएसआरसीपी विधानसभा की सभी 175 और लोकसभा की 25 सीट पर चुनाव लड़ रही है। राजग में तेदेपा 144 विधानसभा सीट एवं 17 लोकसभा सीट पर, जबकि भाजपा छह लोकसभा सीट एवं 10 विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ रही है। जनसेना दो लोकसभा सीट और 21 विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ रही है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में वाईएसआरसीपी ने 22, जबकि चंद्रबाबू की पार्टी ने तीन लोकसभा सीट जीती थीं।

एजेंसी इनपुट के साथ

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article