इलेक्शन

Lok Sabha Polls Phase 2: यूपी में दूसरे दौर में इन 8 सीटों पर मतदान, हेमा मालिनी और अरुण गोविल पर नजरें, जानिए सियासी समीकरण

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Apr 25, 2024, 04:22 PM IST

UP Lok Sabha Elections Phase 2: उत्तर प्रदेश की इन 8 लोकसभा सीटों पर 26 अप्रैल को दूसरे चरण के तहत मतदान होगा। ये सीटें हैं-अमरोहा, मेरठ, मथुरा, बागपत, अलीगढ़, गाजियाबाद, गौतम बौद्ध नगर और बुलन्दशहर।

Image

यूपी में दूसरे दौर के चुनाव में दिग्गज उम्मीदवार

UP Lok Sabha Elections: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए पहले दौर का मतदान संपन्न हो चुका है। पहले चरण में उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर मतदान हुआ। दूसरे चरण में भी इतनी ही सीटों पर मतदान होना है। उत्तर प्रदेश की इन 8 लोकसभा सीटों पर 26 अप्रैल को दूसरे चरण के तहत मतदान होगा। ये सीटें हैं-अमरोहा, मेरठ, मथुरा, बागपत, अलीगढ़, गाजियाबाद, गौतम बौद्ध नगर और बुलन्दशहर। अधिकतर सीटें हाई-प्रोफाइल हैं और इनपर सभी की नजरे हैं।

इन सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला

अमरोहा, मेरठ, बागपत और गौतम बुद्ध नगर सीटों पर सत्तारूढ़ एनडीए, विपक्षी गठबंधन और बहुजन समाज पार्टी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने की संभावना है। दूसरी ओर मथुरा और गाजियाबाद में अंत तक भाजपा बनाम कांग्रेस की लड़ाई देखने को मिलेगी। अलीगढ़ और बुलंदशहर में बीजेपी का मुकाबला अखिलेश यादव की अगुवाई वाली समाजवादी पार्टी से होगा।

हेमा मालिनी पर नजर

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में जिन प्रमुख उम्मीदवारों पर नजर रहेगी उनमें हेमा मालिनी भी शामिल हैं, जो मथुरा से अपनी लगातार तीसरी जीत की उम्मीद कर रही हैं। बॉलीवुड के इस दिग्गज का मुकाबला कांग्रेस के मुकेश धनगर से होगा।

अरुण गोविल की अग्निपरीक्षा

सिर्फ मथुरा ही नहीं मेरठ में भी भाजपा की स्टार पावर की अग्निपरीक्षा है। मेरठ में भगवा पार्टी ने 1987 के धारावाहिक रामायण में भगवान राम की भूमिका निभाने के लिए जाने जाने वाले अरुण गोविल पर दांव खेला है। उनका मुकाबला सपा की सुनीता वर्मा और बसपा के देवव्रत त्यागी से होगा।

अमरोह से दानिश अली मैदान में

वहीं, निवर्तमान सांसद कुंवर दानिश अली की नजर अमरोहा से अपनी लगातार दूसरी जीत पर है। यह सीट कभी भी किसी विशेष राजनीतिक दल का गढ़ नहीं रही है। 2019 में अमरोहा से बसपा के टिकट पर लड़ने वाले दानिश अली इस बार कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में लड़ रहे हैं। मायावती ने उन्हें धोखेबाज करार दिया है। दानिश का मुकाबला भाजपा के कंवर सिंह तंवर और बसपा के मुजाहिद हुसैन के खिलाफ है।

उम्मीदवार2019 चुनाव2014 चुनाव
अमरोहाकुंवर दानिश अली (बीएसपी)कंवर सिंह तंवर (बीजेपी)
मेरठराजेंद्र अग्रवाल (बीजेपी)राजेंद्र अग्रवाल (बीजेपी)
मथुरा हेमा मालिनी (बीजेपी)हेमा मालिनी (बीजेपी)
बागपत डॉ. सत्यपाल सिंह (बीजेपी)डॉ. सत्यपाल सिंह (बीजेपी)
अलीगढ़ सतीश कुमार गौतम (बीजेपी)सतीश कुमार गौतम (बीजेपी)
गाजियाबादवीके सिंह (बीजेपी)वीके सिंह (बीजेपी)
बुलंदशहर भोला सिंह (बीजेपी)भोला सिंह (बीजेपी)

लोकसभा चुनाव चरण 1 में 8 सीटों पर वोटिंग

आम चुनाव के पहले चरण में 19 अप्रैल को राज्य की आठ लोकसभा सीटों पर मतदान हुआ था। ये सीटें थीं- पीलीभीत, सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, नगीना, मुरादाबाद और रामपुर। राज्य में पहले चरण में 19 अप्रैल को 58.49 प्रतिशत मतदान हुआ था।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article