इलेक्शन

CM की कुर्सी मिलने पर विष्णु देव साय का पहला रिएक्शन, जानें BJP के किस नेता ने क्या कहा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 10, 2023, 05:42 PM IST

Vishnu Deo Sai First Reaction: छत्तीसगढ़ के अगले मुख्यमंत्री भाजपा नेता विष्णु देव साय होंगे। विधायक दल की बैठक में ये फैसला हुआ। सूबे की कमान मिलने को लेकर विष्णु देव ने अपनी पहली प्रतिक्रिया में पार्टी का आभार प्रकट किया है। रमन सिंह, ओपी चौधरी और रेणुका सिंह ने भी उन्हें बधाई दी है।

Image

विष्णु देव साय होंगे छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री।

Photo : Twitter

Chhattisgarh CM News: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने छत्तीसगढ़ के अगले मुख्यमंत्री पद के लिए आदिवासी नेता विष्णु देव साय के नाम पर मुहर लगा दी है। भाजपा नेताओं ने बताया कि रविवार को यहां पार्टी पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों के दल ने साय को अपना नेता चुना। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने साय के नाम का प्रस्ताव किया तथा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल ने उनका समर्थन किया। सूबे की कमान मिलने को लेकर विष्णु देव साय ने खुशी जाहिर की है।

मुख्यमंत्री बनने पर विष्णु देव साय की पहली प्रतिक्रिया

छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री बनने पर विष्णु देव साय ने कहा, 'विधायक दल ने मुझे अपना नेता चुना है, इस अवसर पर मैं बहुत आनंदित हूं और मैं पार्टी को धन्यवाद करना चाहूंगा क्योंकि उन्होंने गांव के छोटे से कार्यकर्ता को छत्तीसगढ़ का नेतृत्व करने का मौका दिया है। मैं प्रधानमंत्री मोदी, पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभारी हूं।' विष्णु देव ने आगे कहा, 'मैं पूरी ईमानदारी के साथ सबके विश्वास पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा और 'मोदी की गारंटी' के तहत छत्तीसगढ़ की जनता से किए गए वादे पूरे किए जाएंगे। पहला काम 18 लाख आवास देने का होगा।'

विष्णु देव साय को रमन सिंह ने दी सीएम बनने की बधाई

पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने एक्स पर पोस्ट कर ये लिखा कि 'कुनकुरी विधायक व आदिवासी नेता विष्णु देव साय को आज विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से मुख्यमंत्री के रूप में छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा का दायित्व प्राप्त होने पर अशेष शुभकामनाएं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आपके नेतृत्व में हम सभी पूर्ण निष्ठा से भाजपा के संकल्प पत्र (मोदी की गारंटी) के वादों को पूरा करते हुए प्रदेश में प्रगतिशील परिवर्तन लाने में सफल होंगे तथा भाजपा के डबल इंजन की सरकार में छत्तीसगढ़ दोगुनी रफ़्तार से विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।'

ओपी चौधरी ने विष्णु देव को लेकर कही ये बात

बीजेपी नेता ओपी चौधरी का कहना है, 'विष्णु देव साय को सर्वसम्मति से विधानसभा का नेता चुना गया है। हम उनके नेतृत्व में राज्य को आगे ले जाएंगे। हम पार्टी द्वारा तय की गई जिम्मेदारियों को पूरा करते हैं। अपना 100 प्रतिशत दे रहे हैं। विष्णु देव साय के नेतृत्व में हम राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।'

रेणुका सिंह और ओम माथुर ने दी प्रतिक्रिया

केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रेणुका सिंह सरुता ने कहा, ''मुझे बहुत खुशी है कि विष्णु देव साय छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बनेंगे। छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार किसी किसान परिवार से आने वाले आदिवासी समुदाय के कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री के रूप में चुना गया है।" इसके अलावा BJP नेता विष्णु देव साय को विधायक दल का नेता चुने जाने पर छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी ओम माथुर ने कहा, "इससे बढ़िया और क्या निर्णय होगा, श्रेष्ठ कार्यकर्ता, अनुभवी कार्यकर्ता, अटल बिहारी बाजपेयी की सरकार में मंत्री रहे कार्यकर्ता को हमने चुना है, इससे अच्छा और क्या हो सकता है।"

भूपेश बघेल ने विष्णु देव साय को दी बधाई

छत्तीसगढ़ के कार्यवाहक मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने विष्णु देव साय को छत्तीसगढ़ का अगला मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी है। उन्होंने लिखा कि 'कुनकुरी विधायक, वरिष्ठ भाजपा नेता श्री विष्णु देव साय जी को भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं। नवा छत्तीसगढ़ की न्याय और प्रगति यात्रा को आप मुख्यमंत्री के रूप में आगे बढ़ाएं, ऐसी कामना करता हूं।'

बैठक में मौजूद रहे छत्तीसगढ़ के पर्यवेक्षक

भाजपा नेताओं ने बताया कि पार्टी के नव निर्वाचित विधायकों की दोपहर बाद यहां बैठक आयोजित की गई जिसमें पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सर्बानंद सोनोवाल तथा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम उपस्थित थे। उन्होंने बताया कि भाजपा के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित इस बैठक में प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, केंद्रीय मंत्री और चुनाव सह प्रभारी डॉक्टर मनसुख मांडविया, भाजपा संगठन सह प्रभारी नितिन नबीन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह भी मौजूद थे।

भाजपा ने 90 में से 54 सीटों पर हासिल की जीत

पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से साय को भाजपा विधायक दल का नेता चुन लिया गया। वह राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। मुख्यमंत्री पद के लिए साय के नाम की घोषणा होने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने साय का स्वागत किया। हाल में छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 90 में से 54 सीट जीती हैं। पिछले चुनाव 2018 में 68 सीट जीतने वाली कांग्रेस इस बार 35 सीट पर सिमट गई है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (जीजीपी) राज्य में एक सीट जीतने में कामयाब रही।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article