इलेक्शन

Lok Sabha Election 2024: 'ये चुनाव राम भक्तों और राम द्रोहियों के बीच, रामद्रोहियों का पतन शाश्वत सत्य है',बोले सीएम योगी

Lok Sabha Election 2024: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा 'रामद्रोहियों का पतन शाश्वत सत्य है।'

Image

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शाहजहांपुर मे एक जनसभा को संबोधित किया

KEY HIGHLIGHTS
  1. मुख्यमंत्री योगी ने जनसभा में कहा 'रामद्रोहियों का पतन शाश्वत सत्य है'
  2. यह सनातन सत्य है कि रामद्रोहियों का पतन हमेशा हुआ है
  3. 2024 का लोकसभा चुनाव इस शाश्वत सत्य की पुष्टि करने वाला है

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शाहजहांपुर मे एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "2024 का लोकसभा चुनाव इतिहास के नए मोड़ पर एक नया इतिहास बनाने के लिए उतावला दिखाई दे रहा है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं के चेहरों से उड़ी हुई हवा इस बात को प्रदर्शित करती है कि चुनाव के आधे सफर में ही उन्होंने हार स्वीकार कर ली है। ये हार तो होनी ही थी। उनकी हार शाश्वत सत्य है क्योंकि हमारा इतिहास गवाह है कितना भी शक्तिशाली या बड़ा क्यों न रहा हो लेकिन अगर कोई राम द्रोही है तो उसका पतन सुनिश्चित हुआ है... ये चुनाव राम भक्तों और राम द्रोहियों के बीच सीमित होकर रह गया है... "

वहीं योगी आदित्यनाथ ने कानपुर के घाटमपुर स्थित पतारा रेलवे स्टेशन मैदान में अकबरपुर लोकसभा सीट के लिए आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह सनातन सत्य है कि रामद्रोहियों का पतन हमेशा हुआ है। 2024 का लोकसभा चुनाव इस शाश्वत सत्य की पुष्टि करने वाला है।

सीएम योगी ने आगे कहा कि अकबरपुर का नाम ही ऐसा है कि बार-बार बोलने में संकोच लगता है। ये सब बदल जाएगा। हमें गुलामी के निशानों को समाप्त और विरासत का सम्मान करना है। यूपीए सरकार के दौरान सपा और बसपा बिन मांगे कांग्रेस का समर्थन कर रहे थे। तब, रंगनाथ मिश्रा कमेटी ने पिछड़ी जाति के आरक्षण से 6 प्रतिशत काटकर मुसलमानों को देने की सिफारिश की थी। भाजपा ने जब इसका पुरजोर विरोध किया तो कांग्रेस को वह प्रस्ताव वापस लेना पड़ा था। फिर सच्चर कमेटी का गठन किया गया, कांग्रेस ने साजिश की कि अनुसूचित जाति और जनजाति में मुसलमानों की कुछ जातियों को शामिल कर दिया जाए। कांग्रेस हमेशा विभाजन की राजनीति करने वाली रही है। इन्होंने देश का विभाजन किया।

'प्रयागराज में राजू पाल की हत्या पर भी कोई संवेदना व्यक्त नहीं की गई'

मुख्यमंत्री ने कहा कि परम रामभक्त और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर कांग्रेस और सपा की ओर से संवेदना का कोई शब्द नहीं निकला था। प्रयागराज में राजू पाल की हत्या पर भी कोई संवेदना व्यक्त नहीं की गई। अधिवक्ता उमेश पाल की हत्या पर हमने कहा था कि किसी ने अगर पिछड़े के बेटे को मारा है तो वह माफिया मिट्टी में मिलेगा। आज माफिया मिट्टी में मिल चुके हैं। जो कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि नहीं दे सके, वो माफिया के घर फातिहा पढ़ने गये। इनकी संवेदना माफिया के प्रति है। इनकी संवेदना रामद्रोहियों के प्रति है।

'तीन चरण के चुनाव में विपक्षी चारों खाने चित्त हो गए हैं'

सीएम योगी ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि जो देश का विभाजन करने के लिए जिम्मेदार हैं, वो आगे भी आपको बांटने का कार्य करेंगे। हमें पीएम मोदी के नेतृत्व में देश को आत्मनिर्भर और विकसित बनाना है। तीन चरण के चुनाव में विपक्षी चारों खाने चित्त हो गए हैं। जब उन्हें कुछ समझ नहीं आ रहा है तो भारत के खिलाफ साजिश में लिप्त हो गए हैं। विपक्षी दलों के बयानों को पढ़ने से स्पष्ट हो चुका है कि ये चुनाव रामभक्त और रामद्रोहियों के बीच में है। जो रामभक्त हैं, वही, राष्ट्रभक्त भी हैं।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article