इलेक्शन

'आज का सूर्यास्त, TMC की राजनीति का है सूर्यास्त...', बंगाल में वोटिंग के बाद गरजे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन

पश्चिम बंगाल में वोटिंग के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा, 'आज की वोटिंग और आज का सूर्यास्त TMC की राजनीति का सूर्यास्त है।

Image

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 152 सीटों पर बृहस्पतिवार को 90 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ। इस दौरान हिंसा, मतदाताओं को डराने-धमकाने और कम से उम्मीदवारों पर हमले की छिटपुट घटनाएं भी हुईं। भारी मतदान पर दोनों प्रमुख प्रतिद्वंद्वी दलों भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस ने अपने पक्ष में निर्णायक जनादेश मिलने की उम्मीद जताई।

वहीं वोटिंग के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा, 'आज की वोटिंग और आज का सूर्यास्त TMC की राजनीति का सूर्यास्त है। जनता ने जिस प्रकार से सामने आकर खुद चुनाव लड़ा है मैं मानता हूं कि पश्चिम बंगाल की जनता ने गुंडा राज के खिलाफ वोट दिया है। बंपर वोटिंग इस बात का स्पष्ट संदेश है कि पश्चिम बंगाल में परिवर्तन आने वाला है।'

बंगाल में मतदान के आंकड़े ‘परिवर्तन के लिए शानदार जनादेश'

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में बड़ी संख्या में वोट देने के लिए राज्य की जनता को बधाई दी और मतदान के अब तक के आंकड़ों को 'परिवर्तन के लिए शानदार जनादेश' का संकेत बताया।प्रधानमंत्री मोदी ने नदिया जिले के कृष्णानगर में एक चुनावी रैली में कहा कि निर्वाचन आयोग इस बात के लिए बधाई का पात्र है कि उसने चुनाव में हिंसा पर काफी हद तक रोक लगाई।

राज्य की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए प्रथम चरण के चुनाव के तहत बृहस्पतिवार को 152 सीटों पर मतदान हुआ। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया के तहत 90 लाख से अधिक नाम मतदाता सूचियों से हटाये जाने के बाद यह चुनाव हो रहा है।

'50 वर्षों के चुनावी इतिहास में यह पहली बार है कि हिंसा की घटनाएं न्यूनतम रहीं'

पीएम मोदी ने रैली में कहा, 'बंगाल में पिछले 50 वर्षों के चुनावी इतिहास में यह पहली बार है कि हिंसा की घटनाएं न्यूनतम रहीं। मतदान के बारे में अब तक मुझे जो जानकारी मिली है, उससे मुझे पूरा विश्वास है कि यह बंगाल के मतदाताओं द्वारा बदलाव के पक्ष में एक शानदार जनादेश होगा।'प्रधानमंत्री ने दक्षिण 24 परगना जिले के मथुरापुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले काकद्वीप स्टेडियम में एक जनसभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि राज्य में भारी मतदान तृणमूल कांग्रेस के भय के शासन से भाजपा के भरोसे के वादे की ओर बढ़ने का संकेत देता है।

मोदी ने कहा कि चार मई, जिस दिन मतगणना होगी, पश्चिम बंगाल में 'तृणमूल की 15 साल पुरानी सिंडिकेट प्रणाली और महाजंगल राज' की 'समाप्ति' का प्रतीक होगा।

अमित शाह ने मध्यमग्राम में रोडशो का नेतृत्व किया

वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में एक रोडशो का नेतृत्व किया और कहा कि तृणमूल कांग्रेस की सरकार का पतन निकट है।शाह ने सजे हुए एक वाहन के ऊपर से जेस्सोर रोड के दोनों ओर खड़े लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। कई लोगों ने नारंगी और केसरिया रंग के गुब्बारे और ’कमल’ के फूल पकड़ रखे थे।

उन्होंने कहा, 'तृणमूल कांग्रेस के भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी का सूरज डूब गया है।' मध्यमग्राम में चुनाव के दूसरे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होगा। मतगणना चार मई को होगी।शाह ने रोडशो के दौरान पत्रकारों से कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद पश्चिम बंगाल में एक भी घुसपैठिए को नहीं घुसने दिया जायेगा।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article