Bihar Election 2025: बिहार चुनाव के बीच सुगौली विधानसभा सीट में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जनशक्ति जनता दल (JJD) के सुप्रीमो तेजप्रताप यादव ने अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उसका नामांकन रद्द करने की मांग की है। तेजप्रताप ने इसके लिए बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को आधिकारिक पत्र भी भेज दिया है।
अपने उम्मीदवार पर तेजप्रताप का कड़ा एक्शन
इस सीट से JJD ने श्याम किशोर चौधरी को उम्मीदवार बनाया था। लेकिन अब तेजप्रताप खुद इस उम्मीदवार के खिलाफ खड़े हो गए हैं। उनका कहना है कि चौधरी ने बिना पार्टी की जानकारी के महागठबंधन से समर्थन हासिल किया और उसके साथ चुनावी गतिविधियां शुरू कर दीं। तेजप्रताप का आरोप है कि यह पार्टी के नियमों, विचारधारा और पार्टी के संविधान के खिलाफ है।
चुनाव आयोग से नामांकन रद्द करने की अपील
तेजप्रताप यादव ने X पर लिखा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को बिना बताए महागठबंधन का समर्थन लेना सीधा-सीधा पार्टी विरोधी कदम है। उन्होंने लिखा कि जनशक्ति जनता दल का अपना संविधान और नियम है। श्याम किशोर चौधरी ने पार्टी के नियमों और विचारधारा के विपरीत जाकर यह कदम उठाना पार्टी के केंद्रीय समिति द्वारा जांच के उपरांत उचित नहीं लगा। इसलिए हमने पत्र के माध्यम से मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, पटना(बिहार) को पार्टी विरोधी इस घटना की जानकारी देते हुए तत्काल प्रभाव से नामांकन रद्द करने हेतु अपील किया है।
सुगौली में बिगड़े समीकरण
इस विवाद के बाद सुगौली सीट पर राजनीतिक समीकरण और उलझ गए हैं। बता दें कि सुगौली सीट से मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रत्याशी शशि भूषण सिंह का नामांकन तकनीकी कारणों से रद्द कर दिया गया था। इस सीट से NDA की लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के प्रत्याशी राजेश कुमार उर्फ बबलू गुप्ता मैदान में हैं। सुगौली सीट बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में आती है यहां दूसरे फेज में 11 नवंबर को वोटिंग होगी और नतीजे 14 नवंबर को आएंगे।
