Tamil Nadu Election 2026: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर एआईएडीएमके (AIADMK) ने बड़ा चुनावी एलान किया है। पार्टी के महासचिव ई.के. पलानीस्वामी ने वादा किया है कि अगर उनकी सरकार बनती है तो राइस राशन कार्ड धारकों को मुफ्त रेफ्रिजरेटर दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने हर महीने 1 किलो दाल और 1 लीटर कुकिंग ऑयल मुफ्त देने का भी ऐलान किया। यह योजना खास तौर पर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को राहत देने के उद्देश्य से लाई गई है।
पलानीस्वामी ने कहा कि फ्री फ्रिज योजना का मकसद घरेलू महिलाओं का काम आसान करना है। यह ऐलान पार्टी की दिवंगत नेता और पूर्व मुख्यमंत्री जे जयललिता की फ्रीबी योजनाओं की परंपरा को आगे बढ़ाता है, जिन्होंने 2011 में फैन, मिक्सी और ग्राइंडर मुफ्त देने की योजना शुरू की थी।
हर साल 3 मुफ्त LPG सिलेंडर देने का वादा
इसके अलावा, जल्लीकट्टू जैसे पारंपरिक खेल के दौरान किसी प्रतिभागी की मौत होने पर उसके परिवार को ₹10 लाख की आर्थिक सहायता देने का भी वादा किया गया है। पार्टी ने अपने घोषणापत्र में पहले ही हर साल पात्र परिवारों को 3 मुफ्त LPG सिलेंडर देने का वादा किया है। इसके अलावा जल्लीकट्टू में मौत होने पर परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने का भी ऐलान किया गया है।
महिलाओं को लेकर AIADMK ने क्या किया एलान?
महिलाओं के लिए एआईएडीएमके ने कई बड़े वादे किए हैं, जिनमें हर महीने 2000 रुपये की सहायता, 5 लाख कामकाजी महिलाओं को सब्सिडी पर स्कूटर, शिक्षा ऋण माफी और सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाकर 2000 रुपये करना शामिल है।
इसके अलावा पार्टी ने पुरुषों के लिए भी फ्री बस यात्रा, ग्रामीण रोजगार योजना को 150 दिन तक बढ़ाने और हर परिवार को एकमुश्त 10,000 रुपये देने जैसे वादे किए हैं।
एआईएडीएमके ने स्टालिन सरकार पर साधा निशाना
घोषणापत्र जारी करते हुए पलानीस्वामी ने सत्तारूढ़ डीएमके सरकार पर भ्रष्टाचार, महंगाई और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि पिछले पांच वर्षों में जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ी है। एआईएडीएमके के इस घोषणापत्र में कुल करीब 297 वादे शामिल हैं, जो 2026 चुनाव में बड़ा सियासी मुद्दा बन सकते हैं।
