इलेक्शन

'जीजा की नजर है, साले साहब क्या करेंगे?' अमेठी की उम्मीदवारी पर स्मृति ईरानी का राहुल पर तंज

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 23, 2024, 01:53 PM IST

Smrity Irani : अमेठी में लोगों को संबोधित करते हुए ईरानी ने तंज भरे लहजे में कहा, 'जीजा जी की नजर है, साले साहब क्या करेंगे?' भाजपा नेता ने कहा कि 'एक समय था जब बस में यात्रा के दौरान लोग अपनी सीट सुरक्षित रखने के लिए उस पर रुमाल रख दिया करते थे ताकि उस सीट पर कोई और न बैठ सके।

Image

अमेठी से चुनाव मैदान में हैं स्मृति ईरानी।

Smrity Irani : अमेठी से कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी चुनाव लड़ेंगे या कोई और, इस पर अभी सस्पेंस बना हुआ है। लेकिन केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार स्मृति ईरानी कांग्रेस नेता पर तंज कसने का कोई मौका हाथ से जाने नहीं देना चाहतीं। भाजपा प्रत्याशी ने दावा किया कि उन्होंने अमेठी में 5 सालों में इतना काम किया जितना कि गांधी परिवार ने 15 साल में नहीं किया। ईरानी ने राहुल के जीजा एवं प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा पर भी निशाना साधा।

2019 में अमेठी में राहुल को हराया

2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी सीट पर स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को हराया। हालांकि, उन्होंने केरल के वायनाड से भी चुनाव लड़ा। इस सीट पर उन्हें जीत मिली। राजनीतिक गलियारों में इस बात की अटकलें हैं कि अमेठी सीट पर कांग्रेस की तरफ से प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा उम्मीदवार हो सकते हैं। अमेठी में पांचवें चरण 20 मई को मतदान होना है।

सीट पर रुमाल रख देते थे

अमेठी में लोगों को संबोधित करते हुए ईरानी ने तंज भरे लहजे में कहा, 'जीजा जी की नजर है, साले साहब क्या करेंगे?' भाजपा नेता ने कहा कि 'एक समय था जब बस में यात्रा के दौरान लोग अपनी सीट सुरक्षित रखने के लिए उस पर रुमाल रख दिया करते थे ताकि उस सीट पर कोई और न बैठ सके। इसी तरह से राहुल गांधी को भी अमेठी सीट पर अपना दावा कर देना चाहिए क्योंकि इस निर्वाचन सीट पर उनके जीजा की नजर है।'

कांग्रेस का गढ़ रही है अमेठी सीट

स्मृति ने पूछा, 'क्या अभी तक ऐसा हुआ है? चुनाव होने में महज 27 दिन बचे हैं और कांग्रेस अपना उम्मीदवार तक घोषित नहीं कर पाई है। ऐसा घमंड! बीते पांच सालों में अमेठी में मैंने जितना काम किया है उतना काम राहुल गांधी 15 वर्षों में भी नहीं कर सके।' बता दें कि 2019 में चुनाव हारने से पहले राहुल गांधी अमेठी से लगातार तीन बार सांसद चुने गए। इस सीट से उनकी माता सोनिया गांधी, पिता राजीव गांधी और चाचा संजय गांधी भी विजयी हुए हैं। अमेठी सीट कांग्रेस का गढ़ रही है।

अमेठी में 3 मई है नामांकन की अंतिम तारीख

कुछ दिनों पहले अमेठी से चुनाव लड़ने पर पत्रकारों ने राहुल से सवाल किया। इस पर कांग्रेस नेता ने कहा कि इस बारे में पार्टी का जो निर्णय होगा, उसे वह मानेंगे। इससे पहले वाड्रा ने कहा था कि अमेठी के लोग चाहते हैं कि वह चुनाव लड़ें। उन्होंने कहा, 'अमेठी के लोगों के पास अपनी गलती सुधारने का एक मौका होगा। इस सीट से यदि मैं चुनाव लड़ता हूं तो मुझे भरोसा है कि यहां के लोग मुझे भारी अंतर से जिताएंगे।' वायनाड में 26 अप्रैल को चुनाव होना है जबकि अमेठी में नामांकन की अंतिम तारीख तीन मई है। जानकारों का मानना है कि वायनाड में मतदान संपन्न हो जाने के बाद राहुल गांधी अमेठी से भी उम्मीदवार बन सकते हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article