इलेक्शन

जौनपुर में स्ट्रांग रूम के बाहर EVM से भरा मिनी ट्रक मिलने से हड़कंप, भड़के सपा कार्यकर्ता; कृपाशंकर और श्याम कुशवाहा में हैं कड़ी टक्कर

Jaunpur Lok Sabha Election 2024: जौनपुर में मतदान के बाद सभी ईवीएम स्ट्रांग रूम में जमा करा दिए। इसके बाद रात में एक मिनी ट्रक पहुंचा, इसमें ईवीएम मशीनें थी। जिसके बाद गड़बड़ी की आशंका जाहिर करते हुए सपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया।

Image

जौनपुर में EVM से भरा मिनी ट्रक मिलने से हड़कंप

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Uttar Pradesh Lok Sabha Election 2024: जौनपुर में शनिवार को मतदान समाप्त होने के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल यूनिवर्सिटी में बने स्ट्रांग रूम में उस समय हड़कंप मच गया जब ईवीएम से भरा एक मिनी ट्रक यहां पहुंचा। मौके पर मौजूद सपा उम्मीदवार बाबू सिंह कुशवाहा के समर्थकों ने ट्रक को रोका और पूछताछ शुरू की। ट्रक पर सवार ड्राइवर और अधिकारी ने बताया कि ये रिजर्व ईवीएम हैं, जो वोटिंग के दौरान खराब होने पर बदली जाती हैं और गलती से यहां आ गईं।

सपा कार्यकर्ताओं का लगा जमावड़ा

देखते ही देखते मौके पर सपा कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लग गया। मौके पर डीएम, एसपी सेत अन्य अधिकारी पहुंचे। सपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि ईवीएम मशीन को जिस तरह से बिना जांच पड़ताल के मिनी ट्रक के जरिए यहां लाया गया, उसे यह संदेह पैदा होता है कि वोटों की गिनती के दौरान कुछ गड़बड़ी करने का प्रयास किया जा रहा है।

सपा उम्मीदवार बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि रात लगभग 10-11 बजे के आसपास मिनी ट्रक बदलापुर की तरफ से आया। यह फिरोजाबाद नंबर की गाड़ी है। इसे बड़ी सावधानी के साथा लगाया गया। पार्टी के साथियों ने गाड़ी को देखा तो उसका पीछा किया। जब गाड़ी रूकी तो पूछा कि ये गाड़ी कहां जा रही है और इसमें क्या है तो कोई जवाब नहीं मिला। एक पुलिसकर्मी भी साथ में था। इसके बाद ड्राइवर भाग गया। गाड़ी एक घंटे से ज्यादा समय तक खड़ी रही। फिर लोगों ने देखा और इस पर चर्चा की। थोड़ी देर बाद अधिकारियों से बातचीत हुई। जिलाधिकारी ने पहले इसे मछलीशहर का बताया। बाद में उन्होंने कहा कि इसमें मुंगरा बादशाहपुर की रिजर्व ईवीएम मशीनें हैं।

एक तरफ यह है कि भाजपा हार रही है। मशीनों के बारे में पहले से सभी को शक है। हमें भी शक है, लोगों को भी शक है और पूरे देश के लोगों को भी शक है। किसी को इन लोगों पर भरोसा नही है, ऐसे में ऐसी घटना घट जाने से और विश्वास नही रहा। जिलाधिकारी ने कहा है कि हम लिस्ट दिखा देते हैं। आखिरकार कागजों के मिलान के बाद यह पता चला कि यह ईवीएम रिजर्व रखी गई थीं। गलती से कलेक्टर परिसर के स्थान पर पूर्वांचल विश्वविद्यालय के परिसर में पहुंच गई।

ईवीएम को लेकर अब लोग संतुष्ट- डीएम रविंद्र कुमार मांदड़

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने कहा कि एआरओ हेड क्वाटर की रिजर्व मशीनें हैं। ट्रक मुंगरा बादशाहपुर से वेयर हाउस के लिए जा रहा था। बाहर जाम था, तो चार्ज में रहे नायाब तहसीलदार ने यहां के नायाब तहसीलदार से बात की और ट्रक यहां खड़ा करा दिया। जिसको लेकर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी और समर्थकों ने इसका विरोध करते हुए सवाल किए। जिलाधिकारी ने बताया कि इसके पहले ही स्ट्रांग रूम सील किया जा चुका है। जिसके बाद लिस्ट के द्वारा सभी ईवीएम का मिलान करा दिया गया है। लोग संतुष्ट हैं।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article