इलेक्शन

RLD Candidate List: बिजनौर और बागपत के लिए राष्ट्रीय लोकदल ने घोषित किए उम्मीदवार, चंदन चौहान और राजकुमार सांगवान को टिकट

  • Edited by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Mar 4, 2024, 07:57 PM IST

RLD Candidate List: आरएलडी ने दो सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा की है। आरएलडी ने बागपत से राजकुमार सागवान और बिजनौर से चन्दन चौहान को मैदान में उतारा है।

Image

आरएलडी ने लोकसभा उम्मीदवारों की घोषणा की

RLD Candidate List: राष्ट्रीय लोकदल ने लोकसभा चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। आरएलडी मुखिया जयंत चौधरी ने बिजनौर और बागपत सीट के लिए कैंडिडेट की घोषणा कर दी है।

लोकसभा और विधान परिषद के लिए उतारे उम्मीदवार

इंडिया गठबंधन से हाल ही में नाता तोड़कर बीजेपी की अगुवाई वाली एनडीए में शामिल हुए राष्ट्रीय लोकदल ने सोमवार को लोकसभा और विधान परिषद के आगामी चुनावों के लिये क्रमश: दो एवं एक सीट पर अपना दावा जताते हुए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। आरएलडी ने बागपत से राजकुमार सागवान और बिजनौर से चन्दन चौहान को मैदान में उतारा है। इसके अलावा रालोद ने विधान परिषद की एक सीट के लिये योगेश चौधरी को प्रत्याशी बनाया है।

कौन हैं चंदन चौहान

चंदन चौहान इस वक्त मुजफ्फरनगर की मीरापुर सीट से रालोद के विधायक भी हैं। चौहान गुर्जर समुदाय से आते हैं। उनके पिता संजय सिंह चौहान वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में बिजनौर से सांसद भी चुने गये थे। उनके दादा नारायण सिंह चौहान वर्ष 1979 में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री रह चुके हैं।

कौन हैं राजकुमार सांगवान

राजकुमार सांगवान जाट बिरादरी के सबसे वरिष्ठ एवं प्रभावशाली नेताओं में शुमार किये जाते हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जाटों और गुर्जरों की खासी तादाद है, ऐसे में रालोद द्वारा इन दोनों बिरादरियों के उम्मीदवारों को उतारा जाना जातीय समीकरण साधने की कोशिश मानी जा सकती है।

दो सीटों पर आरएलडी ने उतारे उम्मीदवार

आरएलडी के हिस्से में कितनी सीटें आईं हैं, वो अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन आरएलडी ने दो सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा की है। चर्चा है कि भाजपा उत्तर प्रदेश में अपने गठबंधन के सहयोगी दलों अपना दल (सोनेलाल), निषाद पार्टी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी और रालोद के लिये कुल पांच सीटें छोड़ सकती है, बाकी 75 सीटों पर भाजपा अपने प्रत्याशी उतारेगी।
शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article