इलेक्शन

अब राजस्थान कांग्रेस में बगावत, CM गहलोत के सामने ही 4 विधायकों के खिलाफ कार्यकर्ताओं ने खोला मोर्चा

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Oct 13, 2023, 08:47 PM IST

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को यहां पार्टी वॉर रूम के पास विरोध प्रदर्शन किया और मांग की कि पार्टी आगामी राजस्थान विधानसभा चुनावों के लिए कुछ विधायकों को टिकट नहीं दें।

Image

राजस्थान कांग्रेस में विधायकों के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग (फोटो- @Zinda_Avdhesh)

राजस्थान विधान सभा चुनाव 2023 इस बार और दिलचस्प दिख रहा है। बीजेपी में बगावत के बाद अब कांग्रेस में बागी देखने को मिल रहे हैं, वो भी टिकट की घोषणा से पहले ही। आमतौर पर बगावत टिकट की घोषणा के बाद दिखती रही है, लेकिन कांग्रेस में टिकट की घोषणा से पहले ही चार विधायकों के खिलाफ उसके कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। वो भी पार्टी मुख्यालय के बाहर।

कांग्रेस वॉर रूम के बाहर प्रदर्शन

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को यहां पार्टी वॉर रूम के पास विरोध प्रदर्शन किया और मांग की कि पार्टी आगामी राजस्थान विधानसभा चुनावों के लिए कुछ विधायकों को टिकट नहीं दे। प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां ले रखी थीं। प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सवाई माधोपुर विधायक दानिश अबरार, किशनपोल (जयपुर) विधायक अमीन कागजी, सरदारशहर (चूरू) विधायक अनिल शर्मा और कामां विधायक जाहिदा खान के खिलाफ नारे लगाए।

टिकट नहीं देने की मांग

कांग्रेस के वॉर रूम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी मौजूद थे, जहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की चुनाव संबंधी बैठक हुई। बैठक से पहले कामां, सवाई माधोपुर, किशनपोल और सरदारशहर विधानसभा क्षेत्रों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के समूह वॉर रूम के पास पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने चारों मौजूदा विधायकों के खिलाफ नारे लगाए और मांग की कि उन्हें टिकट नहीं दिया जाना चाहिए।

क्या बोले कार्यकर्ता

सवाई माधोपुर के एक पार्टी कार्यकर्ता अली मोहम्मद ने कहा-"यदि कांग्रेस दानिश अबरार को टिकट देती है तो वह हार जाएंगे। उन्होंने पांच साल तक पार्टी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की, हमें उनसे मिलने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता था। उनसे मिलना एक कठिन काम था और इसलिए उन्हें टिकट नहीं दिया जाना चाहिए।"

अभी तक उम्मीदवारों की घोषणा नहीं

कामां के एक अन्य कार्यकर्ता ने दावा किया कि जाहिदा के खिलाफ भारी नाराजगी है और लोग चाहते हैं कि पार्टी ऐसे उम्मीदवारों को टिकट दे जो जीत सकें। कांग्रेस ने 25 नवंबर को होने वाले चुनाव के लिए अभी तक उम्मीदवारों की कोई सूची जारी नहीं की है। वोटों की गिनती 3 दिसंबर को होगी।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article