एजुकेशन

बेनेट यूनिवर्सिटी के 8वें दीक्षांत समारोह में उद्योगपति अमित बी. कल्याणी होंगे सम्मानित, 2798 विद्यार्थी हासिल करेंगे डिग्रियां

बेनेट यूनिवर्सिटी के 8वें दीक्षांत समारोह में भारत फोर्ज के वाइस चेयरमैन अमित बी. कल्याणी को मानद डॉक्टरेट से सम्मानित किया जाएगा। समारोह में 2,798 विद्यार्थियों को डिग्रियां और मेधावी छात्रों को चांसलर व एकेडमिक एक्सीलेंस मेडल प्रदान किए जाएंगे। यह आयोजन 28 नवंबर 2026 को शनिवार के दिन होगा।

Image

बेनेट यूनिवर्सिटी का 8वां दीक्षांत समारोह 28 नवंबर 2026 को होगा

ग्रेटर नोएडा स्थित बेनेट यूनिवर्सिटी का 8वां दीक्षांत समारोह 28 नवंबर 2026 को आयोजित किया आएगा। इस समारोह में यूनिवर्सिटी की ओर से देश के प्रमुख उद्योगपति और भारत फोर्ज लिमिटेड के वाइस चेयरमैन एवं जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर अमित बी. कल्याणी को डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी की मानद उपाधि (Honoris Causa) से सम्मानित किया जाएगा। 2026 के दीक्षांत समारोह में कुल 2,798 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 39 पीएचडी शोधार्थी भी शामिल हैं। विश्वविद्यालय का यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव होगा, बल्कि उद्योग और शिक्षा के बीच मजबूत होते संबंधों को भी रेखांकित करेगा।

अमित बी. कल्याणी को मानद सम्मान

बेनेट यूनिवर्सिटी की ओर से अमित बी. कल्याणी को डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी की मानद उपाधि (Honoris Causa) प्रदान की जाएगी। यह सम्मान उन्हें एडवांस्ड इंजीनियरिंग के क्षेत्र में नेतृत्व, भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने और शिक्षा एवं कौशल विकास में योगदान के लिए दिया जा रहा है।

अमित बी. कल्याणी के नेतृत्व में भारत फोर्ज ने वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। कंपनी मैन्युफैक्चरिंग, इंजीनियरिंग, रक्षा तकनीक और औद्योगिक विकास जैसे क्षेत्रों में काम कर रही है। विश्वविद्यालय का मानना है कि कल्याणी की उपलब्धियां युवाओं को नवाचार, तकनीक और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी।

2,798 विद्यार्थियों को मिलेगी डिग्री

आठवें दीक्षांत समारोह में अलग-अलग स्नातक, स्नातकोत्तर और डॉक्टरेट कार्यक्रमों के कुल 2,798 विद्यार्थियों को डिग्रियां दी जाएंगी। इनमें 39 पीएचडी शोधार्थी भी हैं। विश्वविद्यालय का कहना है कि यहां शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान और उद्योग की जरूरतों के मुताबिक तैयार करना है।

टाइम्स ग्रुप की विरासत से जुड़े इस विश्वविद्यालय में पढ़ाई के साथ रिसर्च, उद्यमिता और इंडस्ट्री के अनुभव पर भी जोर दिया जाता है। इसका मकसद विद्यार्थियों में ऐसे कौशल विकसित करना है, जिनकी जरूरत आज के वैश्विक कार्यक्षेत्र में है।

पांच विद्यार्थियों को मिलेंगे चांसलर मेडल

समारोह में पढ़ाई के अलावा खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और उद्यमिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इसके तहत पांच विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित चांसलर मेडल प्रदान किए जाएंगे।

इनमें एक गोल्ड मेडल ओवरऑल उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया जाएगा, जबकि चार सिल्वर मेडल खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और उद्यमिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा अलग-अलग पाठ्यक्रमों में बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 33 एकेडमिक एक्सीलेंस मेडल दिए जाएंगे। इन मेडल में गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज श्रेणियां शामिल हैं।

इंडस्ट्री और शिक्षा के बीच बेहतर तालमेल पर जोर

बेनेट यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. (डॉ.) राज सिंह के मुताबिक, विश्वविद्यालय का उद्देश्य ऐसे युवाओं को तैयार करना है, जो आने वाले समय में नवाचार और नेतृत्व की जिम्मेदारी संभाल सकें। उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रम में रिसर्च, उद्यमिता और उद्योग जगत के विशेषज्ञों के मार्गदर्शन को शामिल किया गया है। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान ही व्यावहारिक अनुभव मिलता है।

विश्वविद्यालय का आठवां दीक्षांत समारोह इसी सोच को आगे बढ़ाने का अवसर होगा। एक ओर जहां हजारों विद्यार्थी अपनी नई पेशेवर यात्रा शुरू करेंगे, वहीं अमित बी. कल्याणी को दिया जाने वाला सम्मान उद्योग, तकनीक और उच्च शिक्षा के बीच सहयोग की अहमियत को भी सामने लाएगा।

बेनेट यूनिवर्सिटी के बारे में

टाइम्स ग्रुप द्वारा स्थापित बेनेट यूनिवर्सिटी उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में स्थित एक प्रमुख विश्वविद्यालय है, जहां कई विषयों और क्षेत्रों में उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध है। यूनिवर्सिटी की शिक्षा पद्धति में अकादमिक उत्कृष्टता के साथ व्यावहारिक अनुभव, ग्लोबल एक्सपोजर और उद्यमशील सोच को महत्व दिया जाता है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर सक्षम पेशेवर बनाना है, ताकि वे समकालीन चुनौतियों का समाधान कर सकें।

यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोहों में बिजनेस, शासन, शिक्षा और संस्कृति जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल होती रही हैं। इनमें आमिर खान, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, नादिर बी. गोदरेज, रितेश अग्रवाल, निखिल कामथ, किरण मजूमदार-शॉ, फाल्गुनी नायर और रणवीर सिंह जैसी हस्तियां शामिल हैं।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article